मई के आखिरी हफ्ते में हो सकते हैं शिमला नगर निगम के चुनाव

Monday, May 01, 2017 - 12:04 PM (IST)

शिमला: हिमाचल में शिमला के नगर निगम चुनाव की तैयारियां जोरों-शोरों पर हैं। बताया जाता है कि यह चुनाव मई के आखिरी हफ्ते में हो सकते हैं। रोस्टर जारी होने के बाद चुनाव की अधिसूचना मई के पहले सप्ताह में कभी भी हो सकती है। मौजूद निगम सदन का कार्यकाल 5 जून को पूरा हो जाएगा। चुनाव का रोस्टर जारी होने के बाद कांग्रेस और बीजेपी ने प्रत्याशियों को मैदान में उतारने के लिए माथापच्ची शुरू कर दी।


इस चुनाव में 17 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित
कांग्रेस मुख्यालय में चुनावी रणनीति तैयार कर जिताऊ प्रत्याशियों को समर्थन देने की बात कही तो दूसरी ओर भाजपा ने ऐसे प्रत्याशियों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। रविवार को भाजपा ने शहर के विधायक के साथ रूलद्भटटा वार्ड में जाकर कार्यकर्ता के साथ बैठक की। हालांकि दोनों ही मुख्य राजनीतिक संगठनों को महिला प्रत्याशियों को खोजने में काफी पसीना बहाना पड़ रहा है। इस चुनाव में 17 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित है।


रोस्टर जारी होने के बाद कांग्रेस को लगा बड़ा झटका
बताया जाता है कि रोस्टर जारी होने के बाद बड़ा झटका कांग्रेस को लगा है। पूर्व डिप्टी मेयर शशि शेखर चिन्नू, सुरेंद्र ठाकुर, सुशांत कपरेट, नरेंद्र ठाकुर और आलोक पठानिया के वार्ड आरक्षित हो गए हैं। मनोज कुठियाला मुख्यमंत्री के जाखू वार्ड से पार्षद है और दो बार लगातार यहां से जीत हासिल कर चुके हैं। दो बार मुंह की खाने वाली कांग्रेस यहां पर फिर से अपना कब्जा जमाना चाहेगी तो वहीं बीजेपी भगवा लहरा कर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संकेत देगी। लिहाजा इस वार्ड का चुनाव दोनों ही राजनीतिक दलों के लिए अहम होगा।