राजपुरा में नकाबपोशों ने कबाड़ के गोदाम पर चलाई गोलियां

Tuesday, Sep 22, 2020 - 06:16 PM (IST)

सोलन (पाल) : नालागढ़ के राजपुरा में एक कबाड़ के गोदाम पर दोपहर बाइक पर सवार नकाबपोशों ने फायर किए लेकिन कबाड़ गोदाम का संचालक बाल-बाल बच गया। 3 फायर करने के बाद नकाबपोश मौके से फरार हो गए है। सूचना मिलते ही बद्दी से एएसपी नरेंद्र कुमार, डीएसपी नवदीप सिंह, डीएसपी विवेक व नालागढ़ के थाना प्रभारी निर्मल सिंह मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गए। 

पुलिस के अनुसार यह घटना दोपहर पौने 2 बजे की है। कबाड़ का संचालक बलंविंद्र सिंह इस दौरान गोदाम पर नहीं था। उसके छोटा भाई साहिब सिंह गोदाम के कार्यालय में बैठा हुआ था। इस बीच एक बिना नंबर प्लेट की बाइक पर नकाबपोश आए। पहले वह नालागढ़ की ओर गए और साथ ही वापस आ गए तथा उन्होंने कार्यालय पर गोलियां दाग दी। कार्यालय में बैठा साहिब सिंह बाल-बाल बच गया।

3 गोलियों चलाने के बाद वह मौके से भाग गए। बलंविद्र सिंह ने बताया कि इससे पहले भी उन्हें इस तरह की धमकियां मिलती रही है, जिसकी शिकायत उन्होंने बद्दी पुलिस व नालागढ़ पुलिस को दी है। एएसपी नरेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस नकाबपोश की तलाश कर रही है।
 

prashant sharma