क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान मुख्यातिथि को मारी गोली, PGI रैफर

punjabkesari.in Sunday, Jun 30, 2024 - 06:50 PM (IST)

मानपुरा (बस्सी): थाना गांव में गोली लगने से कड़ूवाना गांव का एक व्यक्ति घायल हुआ है। घायल अवस्था में उसे बद्दी अस्पताल लाया गया जहां से उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई रैफर कर दिया है। गोली व्यक्ति के दाईं जांघ में लगी है। गोली चलाने वाला व्यक्ति फरार है। बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश के चलते गोली चली है। कड़ूवाना का दीदार सिंह (34) पुत्र ध्यान सिंह थाना गांव में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुआ था। वहां पर इसी गांव के एक अन्य व्यक्ति को भी मुख्यातिथि बुलाया हुआ था। दीदार सिंह जैसे ही स्टेज पर चढ़ा तो वहां पर पहले से स्टेज पर बैठा अन्य मुख्यातिथि इस बात से नाराज हो गया। वह दीदार सिंह को देखकर स्टेज से उतर गया। बाद में उसने पीछे से फायर कर दिया व गोली उसकी दाईं जांघ में जा लगी। गोली मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

अचानक गोली चलने से दीदार सिंह लहूलुहान हो गया और वहां पर अफरा तफरी मच गई। यह हादसा दोपहर बाद 3 बजे का है। स्टेज पर उपस्थित लोग उसे बद्दी अस्पताल लाए। डीएसपी खजाना राम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि ऐसी सूचना आई है। सूचना मिलते ही बद्दी पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन घायल को तब तक उसके परिजन पीजीआई ले गए थे। पुलिस की एक टीम घायल व्यक्ति के बयान लेने के लिए पीजीआई रवाना हो गई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News