मनोज तिवारी ने साधा निशाना, कहा-अब तो कांग्रेसी भी राहुल गांधी को बोल रहे ‘पप्पू’

Wednesday, Jun 28, 2017 - 11:59 PM (IST)

बी.बी.एन.: भाजपा की परिवर्तन रथयात्रा के दौरान नालागढ़ विस क्षेत्र के तहत सोबनमाजरा पंजैहरा में रैली आयोजित की गई, जिसमें दिल्ली के भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की। इस दौरान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, सांसद वीरेंद्र कश्यप, रथयात्रा के प्रभारी चंद्रमोहन ठाकुर, भाजपा के जिलाध्यक्ष एवं विधायक के.एल. ठाकुर, कालका की विधायक लतिका शर्मा, चंडीगढ़ के डिप्टी मेयर अनिल दुबे व शिमला संसदीय क्षेत्र के संगठन मंत्री आदि नेता मौजूद थे। इस दौरान सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि अब तो कांग्रेसी भी कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी को पप्पू बोलने लग गए हैं और कांग्रेस की क्या स्थिति है, यह किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के उत्तर प्रदेश के एक जिलाध्यक्ष ने राहुल गांधी को पप्पू कहा है। 

हिमाचल में प्रवेश किया तो लगा पहुंच गया बिहार
उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार के माफिया राज व भ्रष्टाचार के बारे में तो वह जानते हैं लेकिन आज जब उनकी गाड़ी ने हिमाचल में प्रवेश किया तो एकदम गाड़ी हिचकोले खाने लग गई और उन्हें ऐसा लगा कि वह बिहार में पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क की खस्ता हालत को देखकर वह हैरान हो गए। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार तो विकास के मामले में भी पूरी तरह से फेल है। 

केजरीवाल का नाम तक भी नहीं लेना चाहते
उन्होंने कहा कि देश के विरोधियों के एजैंट बनकर आए केजरीवाल का वह नाम तक भी नहीं लेना चाहते। उन्होंने इस दौरान अपने भोजपुरी अंदाज में भी भाषण दिया और कई गाने भी लोगों को सुनाए और कहा कि पहले गाना गाने के पैसे मिलते थे लेकिन अब उनके गानों से पार्टी आगे बढ़ रही है और देश को नरेंद्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री मिला है तो अब पहले से अधिक आनंद आता है। 

प्रदेश सरकार को चला रहे माफिया के सरगना : सत्ती
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार के काले चिट्ठे जनता तक पहुंचाने के लिए यह माफिया हटाओ प्रदेश बचाओ अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की रथयात्रा ने कांग्रेस की नींद हराम कर दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को माफिया के सरगना चला रहे हंै। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में खाने के लिए चाहे कुछ न मिले पर शाम को शराब व नशीले पदार्थ जरूर मिल जाते हंै। 

वीरभद्र सरकार एक भी डी.पी.आर. नहीं बना पाई : कश्यप 
सांसद वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश को 63 नैशनल हाईवे दिए और उनकी डी.पी.आर. बनाने के लिए भी करीब 250 करोड़ रुपए दे दिए लेकिन वीरभद्र सरकार एक भी डी.पी.आर. नहीं बना पाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया का तो राज है ही लेकिन विकास के मामले में भी सरकार पूरी तरह से विफल रही है। वहीं भाजपा के जिलाध्यक्ष एवं विधायक के.एल. ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में माफिया का राज है, जिसका जवाब जनता चुनावों में देगी।