Himachal: खराब माैसम के चलते मणिमहेश यात्रा पर आगामी आदेशाें तक लगी रोक, प्रशासन ने शिव भक्तों की ये अपील
punjabkesari.in Monday, Aug 25, 2025 - 06:51 PM (IST)

चम्बा (काकू चौहान): पवित्र मणिमहेश यात्रा पर आगामी आदेश तक पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। डीसी मुकेश रेप्सवाल ने सोमवार को इस बाबत आदेश जारी कर दिए हैं। खराब मौसम को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेशों में स्पष्ट किया है कि जो यात्री जहां हैं वहीं रहें। आगामी आदेशों के बाद आगे की यात्रा करें। आदेशों की अवहेलना पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
जिला चम्बा में 2 दिन से लगातार तेज बारिश हो रही है। इससे पठानकोट-चम्बा-भरमौर एनएच जगह-जगह भूस्खलन के कारण बार-बार अवरुद्ध हो रहा है। इस कारण बाहरी राज्यों और जिलों से आने वाले शिव भक्तों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार रात को भी जगह-जगह भूस्खलन होने से शिव भक्तों को बीच रास्ते में ही रात गुजारनी पड़ी। कुछ यात्री चम्बा से भरमौर तथा कुछ यात्री अपनी यात्रा पूरी करके भरमौर से चम्बा की ओर लौट रहे थे। जांघी में भारी भूस्खलन होने के कारण करीब 8 घंटे मार्ग अवरुद्ध रहा। गुस्साए यात्रियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सोमवार को कुछ समय के लिए मार्ग खुलने पर यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर रवाना किया, लेकिन उन्हें रास्ता खुलने का लंबा इंतजार करना पड़ा।
डीसी मुकेश रेप्सवाल ने बताया कि यात्रा पर रोक लगा दी गई है। आगामी आदेश तक किसी को यात्रा की अनुमति नहीं है। जो लोग बिना अनुमति वैकल्पिक रास्तों से यात्रा पर निकल रहे हैं वह रास्ते में फंस सकते हैं। उन्होंने यात्रियों से आग्रह किया है कि प्रशासन के दिशानिर्देश अनुसार ही यात्रा करें।