मणिमहेश यात्रा : 3 लाख से अधिक शिव भक्तों ने डल झील में लगाई आस्था की डुबकी

Sunday, Sep 04, 2022 - 04:40 PM (IST)

मणिमहेश यात्रा आधिकारिक रूप से संपन्न, डीसी की शिव भक्तों से यात्रा न करने की अपील
चम्बा (काकू चौहान):
उत्तर भारत की प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान इस बार 3 लाख से अधिक शिव भक्तों ने मणिमहेश के दर्शन किए और डल झील में स्नान किया। इसमें 19 अगस्त से लेकर 3 सितम्बर तक ही 2 लाख 50 हजार के करीब श्रद्धालुओं ने यात्रा की। इसी तरह 19 अगस्त से पहले भी लगभग 60 हजार शिव भक्तों ने श्री मणिमहेश के दर्शन किए। डीसी दुनी चंद राणा ने बताया कि श्री मणिमहेश यात्रा आधिकारिक रूप से संपन्न हो गई है। अधिकारिक तौर पर 19 अगस्त से लेकर 3 सितम्बर तक यात्रा का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान बेहतर कानून व्यवस्था व यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए 4 राजपत्रित अधिकारियों सहित 774 पुलिस कर्मचारियों ने सेवाएं प्रदान की, जिनमें सशस्त्र वाहिनी के 308, जिला पुलिस के 160 व गृह रक्षक विभाग के 306 जवान शामिल रहे। शिव भक्तों को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए गए। उन्होंने बताया कि आने वाले समय के दौरान यात्रा को और अधिक सुरक्षित बनाने के साथ श्रद्धालुओं को और अधिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

8800 श्रद्धालुओं ने हैलीकॉप्टर से की यात्रा
डीसी राणा ने बताया कि 2 हैली टैक्सी सेवा प्रदाता कंपनियों के माध्यम से 8800 शिव भक्तों ने भरमौर ओर से गौरीकुंड तक आने और जाने के लिए हैलीकॉप्टर सेवा का प्रयोग किया। यात्रा का अधिकारिक तौर पर आयोजन 3 सितम्बर तक निर्धारित था। 4 सितम्बर सायं से श्री मणिमहेश यात्रा के विभिन्न स्थानों पर प्रशासन द्वारा उपलब्ध करवाई जाने वाली सुविधाओं को बंद कर दिया गया है। उन्होंने शिव भक्तों से आग्रह किया है कि वे अब यात्रा न करें। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 

Content Writer

Vijay