मंगल पांडेय ने साधा निशाना, बोले-CM वीरभद्र ने ठगी प्रदेश की जनता

Wednesday, Sep 20, 2017 - 06:25 PM (IST)

इंदौरा (आशीष शर्मा): मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रदेश की जनता को ठगने का काम किया है, जिन घोषणाओं को लेकर वीरभद्र सरकार सत्ता में आई थी, उनमें से किसी पर भी काम नहीं किया गया। ये शब्द प्रदेश भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय ने इंदौरा विधानसभा के मंगवाल में दलित स्वाभिमान सम्मेलन के दौरान कहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शिक्षा का स्तर गिरा है, बेरोजगारी बढ़ी है, जिसके जिम्मेदार वीरभद्र सिंह हैं। उनके कारण पूरे प्रदेश को शर्मिंदा होना पड़ रहा है जबकि भाजपा का लक्ष्य सभी वर्गों का विकास करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वो करके दिखाती है और इसका प्रमाण हाल ही में राष्ट्रपति पद के लिए बिहार के राज्यपाल रहे रामनाथ कोविंद का नाम राष्ट्रपति पद के लिए नामांकित करके दिया है। 

नूरपूर को दी जिला की संज्ञा
उन्होंने कहा कि भाजपा नीत भारत सरकार ने दलित समाज के लिए करोड़ों रुपए की लाभकारी योजनाएं चलाई हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा दलित समाज के उत्थान, सामाजिक सम्मान, राजनीतिक अधिकार व आर्थिक उद्धार करने के लिए योजनाएं चलाई गई हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों को भी अपने संबोधन में गिनाया। उन्होंने कहा कि जब तक प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार नहीं होगी तब तक प्रदेश का विकास नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि इंदौरा की जनता खनन माफिया से परेशान है और इस परेशानी से मुक्ति के लिए कांग्रेस सरकार को हटाना जरूरी है। अपने संबोधन में बार-बार उन्होंने नूरपुर को जिला की संज्ञा दी।