"अब और नहीं जीना चाहता", बहन को काॅल कर युवक नदी में कूदा; मानसिक तनाव से जूझ रहा था आशीष

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 06:13 PM (IST)

Mandi News : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां बीएसएल कॉलोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मसोह पुल के पास सोमवार को एक युवक ने अपनी बहन को फोन पर आखिरी संदेश देने के तुरंत बाद नहर में छलांग लगा दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं, मंगलवार सुबह से ही दोनों टीमों ने मिलकर बीएसएल नहर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।

जानकारी के मुताबिक, युवक की पहचान अप्पर बैहली के खतरवाड़ी गांव के रहने वाले आशीष कुमार के रूप में हुई है। आशीष की बहन पूजा ने पुलिस को दिए बयान में एक बेहद भावुक और चौंकाने वाला खुलासा किया। पूजा के अनुसार, उसका भाई आशीष पिछले काफी समय से गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहा था। सोमवार को आशीष ने उसे फोन किया और रोते हुए कहा कि वह अब और नहीं जीना चाहता और सुसाइड करने जा रहा है। इतना कहते ही आशीष ने फोन काट दिया। इसके बाद पूजा ने लगातार उसके नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आता रहा।

वहीं, कुछ स्थानीय राहगीरों ने युवक के कूदने की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने नहर में सर्च अभियान चलाते हुए युवक को खोजने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह से ही दोनों टीमों ने मिलकर बीएसएल नहर में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। गोताखोरों की मदद से नहर का चप्पा-चप्पा छाना जा रहा है। वहीं, कूदने के बाद युवक के जूते पानी में बहते हुए देखे गए। डीएसपी ने बताया कि अभी तक कोई ऐसा पुख्ता सबूत नहीं मिला है, जिससे नहर में कूदने वाले युवक की पहचान हो सके। हालांकि, युवक की बहन की बातों को ध्यान में रखते हुए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।


प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News