चुनाव हारा, लेकिन लाखों लोगों का दिल जीत गई टैक्सी चालक की पत्नी, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बयान
punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 04:56 PM (IST)
Mandi News : हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद जहां कई जगहों से आपसी खींचतान और नाराजगी की खबरें आ रही हैं, वहीं मंडी जिले के सराज निर्वाचन क्षेत्र की सोमगाड़ पंचायत से सकारात्मकता की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आई है। यहां प्रधान पद का चुनाव हारने के बावजूद किरण ठाकुर अपने एक सकारात्मक बयान की वजह से समूचे प्रदेश में चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं।
Himachal Pradhan Chunav: टैक्सी चालक की पत्नी ने चुनाव हारा, दिल जीता! 40 लाख लोगों ने देखा किरण का VIDEOhttps://t.co/fvgvrzDigA pic.twitter.com/fQ8W0iz2DN
— Vinod Katwal (@Katwal_Vinod) June 3, 2026
दरअसल, चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद किरण ठाकुर ने अपने समर्थकों और जनता के बीच जो भाषण दिया, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड कर रहा है। अब तक करीब 40 लाख से ज्यादा लोग इस वीडियो को देख चुके हैं। गांव की चौपाल से लेकर इंटरनेट तक हर कोई उनके सेवा भाव और राजनीतिक परिपक्वता की तारीफ कर रहा है। किरण ठाकुर ने हार के बाद जनता को संबोधित करते हुए कहा, "आप लोग मेरे साथ हैं, इसलिए मैं खुद को जीती हुई ही मानती हूं। हार-जीत तो राजनीति का हिस्सा है। चुनाव में मुझे 650 से अधिक वोट मिले हैं, जो मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। जनता का फैसला सिर माथे पर है, लेकिन पंचायत के विकास के लिए मेरा काम और आपका साथ कभी नहीं रुकेगा। जो काम आज तक यहां नहीं हुए, उन्हें हम सब मिलकर पूरा करेंगे।"
लोग जमकर कर रहे तारीफ
सोमगाड़ पंचायत का यह चुनाव बेहद रोमांचक मोड़ पर था। मतदान से लेकर मतगणना के आखिरी पल तक दोनों पक्षों के समर्थकों की धड़कनें बढ़ी हुई थीं और जीत-हार का सटीक अनुमान लगाना मुश्किल था। हालांकि, अंतिम नतीजों में बाजी किरण ठाकुर के प्रतिद्वंद्वी के हाथ लगी। वहीं, नतीजों के बाद जनता के प्रति किरण ठाकुर के आभार और सेवा भाव के बयान ने सोशल मीडिया से लेकर गांव की चौपालों तक तहलका मचा दिया है। हार के बाद भी उनके हौसले और संयम की समूचे प्रदेश में जमकर तारीफ हो रही है। बता दें कि किरण ठाकुर के पति राकेश मनाली में टैक्सी आपरेटर हैं।

