मंडी शहर में लोगों को मिलेगी फ्री वाई-फाई सुविधा

Monday, Sep 17, 2018 - 05:12 PM (IST)

मंडी (नीरज): मंडी शहर की इंदिरा मार्केट में अब लोगों को फ्री वाई-फाई की सुविधा मिलेगी। सोमवार को मंडी संसदीय क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा ने बी.एस.एन.एल. की फ्री वाई-फाई सेवा का विधिवत शुभारम्भ किया। लगभग 7 लाख की लागत से इंदिरा मार्केट में बी.एस.एन.एल. की इस सुविधा का फायदा लोगों को मिलेगा। यह राशि सांसद निधि से ही जारी की गई है, वहीं इससे पहले सांसद ने बल्हघाटी के कुम्मी में बी.एस.एन.एल. एक्सचेंज का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि मंडी शहर के इंदिरा मार्कीट परिसर में अधिकतर लोगों का आना-जाना लगा रहता है और लोग घंटाघर के नजदीक बैठना पंसद भी करते हैं, ऐसे में जो लोग यहां पर आएंगे उन्हें फ्री में वाई-फाई की सुविधा मिलेगी। रामस्वरूप शर्मा ने बताया कि मंडी संसदी क्षेत्र के अन्य स्थानों से भी फ्री वाई-फाई की सुविधा की मांग आ रही है और वहां पर भी जल्द ही यह सुविधा प्रदान की जाएगी। रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि बी.एस.एन.एल. अभी ग्राहकों को थ्री जी की सुविधा दे रहा है और फोर जी की सुविधा जल्द ही जारी कर दी जाएगी। उन्होंने फ्री वाई-फाई सुविधा देने के लिए बी.एस.एन.एल. का आभार जताया और शहरवासियों को इसके लिए बधाई दी।

Kuldeep