जब कैदियों के हुनर को शिवरात्रि में मिला बाजार

Monday, Feb 27, 2017 - 10:53 PM (IST)

मंडी : जेलों में बंद कैदियों को मंडी शिवरात्रि के सरस मेले में अपने खुद के बनाए उत्पादों को बाजार मिला है। प्रदेश की विभिन्न जेलों में सजा काट रहे कैदियों द्वारा काष्ठकला, बेकरी, हस्तशिल्प और हथकरघा आदि के क्षेत्र में गजब का हुनर दिखा कर ऐसे उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं जो लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी में काम आते हैं। प्रदेश का जेल विभाग इन उत्पादों को बाजार उपलब्ध करवाकर इनके लिए आमदनी का साधन तलाश रहा है। वैसे भी ये कैदी जन्म से अपराधी नहीं हैं। कुछ तो परिस्थितियों के चलते इस तरह की घटनाओं में संलिप्त हो जाते हैं। मगर इनमें से कई बड़े हुनरमंद हाथ ऐसे भी हैं जो प्रदेश के राज्य पक्षी जो जेल महकमे का लोगो भी इसकी आकृति को मफलर पर उतार कर उसे नया रूप दे रहे हैं। इसके अलावा बेकरी का सामान, खद्दर की चद्दरें और कपड़ा बुनते हैं। जेल अधीक्षक मंडी एन.आर. भारद्वाज ने बताया कि प्रदेश की नाहन, कांडा, धर्मशाला और कैथू जेलों में तैयार उत्पादों को मंडी के सरस मेले में लाया गया है। यह सारा माल कैदियों द्वारा तैयार किया गया है, जिसे विभाग की ओर से इस तरह के मेलों में बाजार उपलब्ध करवाया जाता है।