प्रो. कबड्डी में हिमाचल के  गबरु ने जीता बैस्ट डिफैंडर का खिताब

Monday, Jul 31, 2017 - 11:03 PM (IST)

मंडी:  प्रो. कबड्डी सीजन-5 में पहली बार खेल रहे मंडी के महेंद्र सिंह ने पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन किया। महेंद्र सिंह ने बेंगलुरु बुल्स के लिए टैकल में अपनी टीम के लिए 4 अंक हासिल किए। पहले मैच में शानदार प्रदर्शन करने पर महेंद्र सिंह को बैस्ट डिफैंडर के खिताब से नवाजा गया। उन्हें ईनाम के तौर पर स्कूटी दी गई। बेंगलुरु बुल्स का इस सीजन का यह पहला मुकाबला था, जिसमें बेंगलुरु बुल्स ने तेलगु टाइटन्ज को 10 अंकों से पराजित किया, वहीं महेंद्र सिंह के गांव मलवाणा में कबड्डी प्रेमियों ने मैच देखने के लिए बड़ी स्क्रीन लगाई थी, जिसमें गांव के युवाओं और महेंद्र सिंह के परिवार के कई सदस्यों ने लाइव मैच देखा। बता दें कि मंडी के बल्हघाटी का महेंद्र सिंह पहली बार प्रो. कबड्डी में खेल रहा है। बेंगलुरु बुल्स ने महेंद्र सिंह को 20 लाख रुपए में खरीदा है। महेंद्र सिंह भर्ती सेना की रेड टीम से भी खेलते हैं। हिमाचल कबड्डी संघ के प्रदेशाध्यक्ष श्याम लाल ठाकुर सहित सभी पदाधिकारियों ने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन करने के लिए उन्हें बधाई दी है।