रसोईघर में खाना बना रही महिला झुलसी

Monday, Aug 12, 2019 - 09:09 PM (IST)

मनाली, (सोनू): मनाली के अलेऊ  में अपने घर में रसोईघर में खाना बना रही महिला अचानक आग से झुलस जाने से गंभीर रूप से घायल हो गई जिसकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है। यहां पर सुरजीत कौर (27) पत्नी लखा सिंह निवासी जिला संगरूर पंजाब परिवार संग पिछले लंबे समय से रह रही है। जानकारी के अनुसार महिला घर के किचन में नाश्ता बनाने की तैयारी कर रही थी कि इसी बीच उसने जैसे ही गैस को जलाया तो उसकी छोटी बेटी वहां आ गई जिसे वह बाहर छोडऩे चली गई। इस दौरान रसोई गैस का चूल्हा किसी कारण बंद हो गया था और उससे गैस का रिसाव लगातार जारी थी। ऐसे में जब महिला ने दोबारा रसोईघर में प्रवेश किया और जैसे ही गैस चूल्हे को जलाने की कोशिश की तो वह आग की चपेट में आ गई। देखते ही देखते महिला के कपड़ों में आग लग गई। महिला के चिल्लाने की आवाज सुन बाथरूम में नहा रहा महिला का पति रसोईघर में पहुंचा और महिला को आग की लपटों में घिरा देख उसने उसे बचाने का प्रयास शुरू कर दिया। पति द्वारा महिला पर पहले पानी डाला गया लेकिन आग नहीं बुझ पाई। ऐसे में दूसरी कोशिश में महिला का पति आग पर काबू पाने में कामयाब हो गया और जख्मी हालत में महिला को मनाली के मिशन अस्पताल पहुंचाया।

महिला ने पुलिस बयान में किसी पर नहीं जताया शक

घटना की सूचना मिलते ही मनाली पुलिस की एक टीम भी अस्पताल पहुंच गई और महिला के झुलसने के कारणों की जांच शुरू कर दी। इसी बीच महिला के भाई सुखवीर व पिता सुखविंद्र भी अस्पताल पहुंच गए। पीड़ित महिला ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि वह रसोईघर में नाश्ता तैयार कर रही थी कि इसी बीच वह आग की चपेट में आ गई। महिला द्वारा पुलिस को दिए गए लिखित बयान में महिला ने किसी पर भी कोई शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  एस.पी. कुल्लू गौरव सिंह का कहना है कि महिला का उपचार मिशन अस्पताल में चल रहा है। महिला ने पुलिस को लिखित बयान में इसे हादसा बताया है।

Kuldeep