मनाली की बेटी रमा ठाकुर ने फतह की अफ्रीका की सबसे ऊंची किलीमंजारो चोटी

Thursday, Feb 09, 2023 - 06:25 PM (IST)

पतलीकूहल (ब्यूरो): मनाली के शुरु गांव की होनहार पर्वतारोही रमा ठाकुर (34) ने 5685 मीटर किलीमंजारो चोटी को फतह कर मनाली का नाम विदेश में रोशन किया है। दिले राम ठाकुर की बेटी रमा ठाकुर 5 फरवरी को माऊंट किलीमंजारो पर चढ़ने वाली हिमाचल प्रदेश की पहली महिला बनी है। किलीमंजारोअफ्रीकी महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी है। यह समुद्र तल से ऊपर सबसे ऊंचा एकल मुक्त खड़ा पर्वत भी है। रमा की मानें तो इस चुनौतीपूर्ण अभियान ने उसके साहस, धैर्य और धीरज की परीक्षा ली। रमा मारंगु रूट के माध्यम से इस अभियान में निकली थी। उसका यह अभियान बेंगलुरु से शुरू हुआ। रमा बेंगलुरु के इंडस स्कूल ऑफ लीडरशिप में लीडरशिप ट्रेनर के रूप में काम कर रही है। रमा ने बताया कि उसका यह अभियान 11 दिन तक चला। इस दौरान उसके साथ उत्तराखंड के सहयोगी पर्वतारोही प्रवीण राणा सहित स्कूल के 9 छात्र भी इस चोटी को फतह करने में सफल रहे। 

2024 में माऊंट एवरैस्ट को फतह करना है लक्ष्य
रमा ने बताया कि उसने इससे पहले माऊंट दोस्ती, माऊंट यूनाम, माऊंट देव टिब्बा को फतह किया है। वह मनाली के हिमालयी महिला साहसिक संघ की उपाध्यक्ष भी है। उसका उद्देश्य महिला पर्वतारोहियों को उनकी कमाई के साधन के रूप में साहसिक क्षेत्र में काम करने और समाज की रूढ़िवादी सोच में बदलाव लाने के लिए प्रोत्साहित करना है। रमा ने बताया कि उसका लक्ष्य 2024 में माऊंट एवरैस्ट को फतह करना है, जिसके लिए वह प्रायोजन की तलाश में है। मनाली वासियों सहित विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने रमा की इस उपलब्धि पर उसे बधाई दी है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here 

Content Writer

Vijay