रोहतांग दर्रे में 3 फुट हिमपात, 3 दिन से लगातार जारी

Monday, Feb 19, 2024 - 07:02 PM (IST)

मनाली (सोनू): प्रदेश में मौसम फिर से खुशनुमा हुआ है। पर्यटन नगरी मनाली सहित लाहौल में 3 दिन से हिमपात का क्रम लगातार जारी है। अटल टनल के साऊथ पोर्टल में डेढ़ से 2 फुट हिमपात हो चुका है। रोहतांग दर्रे में 3 फुट हिमपात हुआ है। लाहौल में हिमपात के दूसरे चरण में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों की अपेक्षा निचले क्षेत्रों में हिमपात हो रहा है। वहीं सोलंगनाला व कोठी में 1 फुट, पलचान में 7 इंच, मझाच व कुलंग में आधा फुट, नेहरूकुंड में 5 इंच, जबकि पर्यटन नगरी मनाली में 2 इंच हिमपात हुआ है। लाहौल के उदयपुर में केलांग की अपेक्षा अधिक हिमपात हुआ है। जिला मुख्यालय केलांग में अभी तक 1 फुट हिमपात हुआ है, जबकि उदयपुर में 2 फुट बर्फ गिर चुकी है। कोकसर, टनल के नाॅर्थ पोर्टल, सिस्सू, गोंदला, योचे, छिका, रारिक, दारचा व जिस्पा जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में डेढ़ से 2 फुट हिमपात हुआ है। लाहौल के निचले क्षेत्रों तिन्दी व पांगी की ओर भी 2 फुट से अधिक हिमपात हो चुका है। लाहौल में वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। सोमवार को दिनभर हिमपात होता रहा, जिससे लोग घरों से बाहर नहीं निकल पाए। एच.आर.टी.सी. की बस सेवा 2 दिन चलने के बाद फिर से बंद हो गई है। लगातार हो रहे हिमपात के चलते लाहौल में अब फोर व्हील ड्राइव वाहन भी नहीं चल रहे हैं।

Content Writer

Kuldeep