रोहतांग दर्रे में आधा फुट हिमपात, लाहौल फिर कटा कुल्लू से

Wednesday, Dec 11, 2019 - 09:44 PM (IST)

मनाली, (सोनू): सैलानियों को गर्मियों में बर्फ  के दीदार करवाने वाले रोहतांग दर्रे में आधा फुट ताजा हिमपात हुआ है। बर्फबारी होने से लाहौल घाटी एक बार फिर कुल्लू से कट गई है। बी.आर.ओ. ने 11 दिन कड़ी मेहनत करने के बाद लाहौल घाटी को कुल्लू से जोडऩे का सराहनीय प्रयास किया था, लेकिन बुधवार शाम से रोहतांग दर्रे में बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है। लाहौल की ओर कोकसर व मनाली की ओर मढ़ी तक बर्फ  के फाहे गिर रहे हैं। मौसम के करवट बदलने के बाद रोहतांग दर्रे सहित सभी पहाडिय़ों पर बर्फबारी हो रही है। कोकसर बचाव चौकी के प्रभारी पवन ने बताया कि कोकसर में सुबह से ही बर्फबारी हो रही है। उन्होंने बताया कि आज 2 लोग कोकसर से पैदल ही निकल गए, जबकि 7 लोग कोकसर से रोहतांग तक गाड़ी में आए। मनाली एस.डी.एम. रमन घरसंगी ने बताया कि सैलानियों को गुलाबा तक ही जाने की अनुमति है, लेकिन बर्फबारी का दौर शुरू हो गया तो पर्यटकों को कोठी गांव से आगे नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने सैलानियों से आग्रह किया कि वे सोलंगनाला, फातरु, अंजनी महादेव व कोठी के आसपास ही बर्फ  का आनंद उठाएं।

हल्की बर्फबारी के बीच 9 लोगों ने पार किया रोहतांग

बी.आर.ओ. द्वारा बहाल किए गए रोहतांग दर्रे का लोगों को लाभ नहीं मिल पाया है। दर्रा बहाल करने के बाद मौसम के बदले तेवरों ने सभी की दिक्कत को बढ़ाया है। आज हल्की बर्फबारी के बीच एक महिला सहित 9 लोगों ने रोहतांग दर्रा पार कर मनाली में दस्तक दी। बर्फबारी शुरू हो जाने से एक बार फिर रोहतांग बहाली पर संकट के बादल छाने लगे हैं। लाहौल की ओर से कोकसर तो रोहतांग तक वाहन आ रहे हैं, लेकिन रोहतांग से राहनीनाला तक बर्फीली हवाओं के कारण सड़क बार-बार अवरुद्ध हो रही है। बी.आर.ओ. कमांडर कर्नल उमा शंकर का कहना है कि अगर अधिक बर्फबारी होती है तो दर्रा वाहनों के लिए अब अगले साल ही बहाल होगा।

Kuldeep