रोहतांग दर्रा के लिए आज से चलेगी इलैक्ट्रिक बस

Monday, Jun 21, 2021 - 11:19 PM (IST)

मनाली: विश्व मानचित्र पर अंकित सैलानियों की सैरगाह 13050 फुट ऊंचे रोहतांग दर्रा पर बर्फ  के ऊपर मस्ती करने के लिए अब सैलानियों को ज्यादा जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी। हिमाचल परिवहन निगम कुल्लू ने सोमवार से एक इलैक्ट्रिक बस शुरू कर दी है, जिसका किराया 600 रुपए प्रति व्यक्ति रखा गया है। अब सैलानी रोहतांग में बर्फ  के साथ 9 से अधिक किलोमीटर लंबी सुरंग अटल टनल को भी निहार सकेंगे। बताते चलें कि 2 साल पहले भी निगम ने इलैक्ट्रिक बस सेवा मनाली से रोहतांग के लिए आरंभ की थी, लेकिन गत वर्ष कोरोना काल के चलते यह सेवा बंद रही। पथ परिवहन निगम मनाली के अड्डा प्रभारी दीपक ने बताया कि सोमवार से पर्यटकों को लेकर एक बस रोहतांग दर्रा भेजी गई है। उन्होंने कहा कि मंगलवार से हर रोज 3 इलैक्ट्रिक बसें भेजी जाएंगी।

दीपक ने बताया कि रोहतांग की पार्किंग में 2 घंटे तक बस रुकेगी। इस बीच सैलानी बर्फ  में मस्ती करने के साथ साहसिक गतिविधियों का भी आनंद ले सकेंगे। इसके बाद रोहतांग से कोकसर होकर बस गुफा होटल की ओर निकलेगी और यहां से अटल टनल नॉर्थ पोर्टल से होकर सैलानियों को मनाली छोड़ेगी। उन्होंने बताया कि पहली बस सुबह 8 बजे मनाली से चलेगी और दूसरी बस का समय सुबह साढ़े 8 बजे का है, जबकि तीसरी और अंतिम बस के चलने का समय सुबह 9 बजे रहेगा। इन पर्यटन स्थलों का मजा ले सकेंगे पर्यटक। परिवहन निगम द्वारा रोहतांग के लिए इलैक्ट्रिक बस सेवा आरंभ होने पर पर्यटक सोलंगनाला, पलचान, गुलाबा, मढ़ी, रोहतांग, नोर्थ पोर्टल, साऊथ पोर्टल व कोकसर आदि पर्यटन स्थलों का दीदार कर सकेंगे।

Content Writer

Kuldeep