मनाली आने का प्लान बना रहे सैलानियों के लिए खुशखबरी

Friday, May 03, 2019 - 12:35 PM (IST)

मनाली (ब्यूरो): देश-विदेश से मनाली आने का प्लान बना रहे सैलानियों के लिए खुशखबरी है। मनाली प्रशासन 6 मई को रोहतांग के पर्यटन स्थल मढ़ी को सैलानियों के लिए बहाल करने जा रहा है। एन.जी.टी. के आदेशानुसार गुलाबा बैरियर से आगे जाने वाले पर्यटक वाहनों को परमिट लेना अनिवार्य रहेगा। प्रशासन ने ऑनलाइन परमिट प्राप्त करने संबंधी सिस्टम को तैयार कर लिया गया है। सैलानी देशभर में कहीं से भी ऑनलाइन परमिट प्राप्त कर सकते हैं। पर्यटक को परमिट प्राप्त करने के लिए 550 रुपए खर्च करने होंगे। एन.जी.टी. के आदेशानुसार 800 पैट्रोल व 400 डीजल इंजन वाहन ही प्रतिदिन रोहतांग का रुख कर सकते हैं। 

प्रशासन ने अप्रैल के दूसरे सप्ताह ही गुलाबा पर्यटन स्थल सैलानियों के लिए बहाल कर दिया था, लेकिन गुलाबा में बर्फ की परत पिघल गई है, जिस कारण कुछ दिनों से सैलानी बर्फ का दीदार नहीं कर पा रहे हैं। इन दिनों बर्फ देखने के लिए सैलानियों को नाले का रुख करना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा पर्यटन स्थल मढ़ी के बहाल करने से सैलानियों सहित वाहन चालकों को भी राहत मिल जाएगी। दूसरी ओर बी.आर.ओ. रोहतांग बहाली को अंजाम देते हुए रोहतांग दर्रे के करीब पहुंच गया है।

सर्दियों में हुई भारी बर्फबारी से इस बार बी.आर.ओ. रोहतांग दर्रे की बहाली में लेट हुआ है। इस बार पर्यटन स्थल मढ़ी से ब्यासनाला में 4 फुट से अधिक बर्फ जमा है। एस.डी.एम. मनाली अश्वनी कुमार ने बताया कि बी.आर.ओ.ने पर्यटन स्थल मढ़ी को बहाल करने की तैयारी कर ली है। मौसम ठीक रहा तो बी.आर.ओ. 6 मई तक पर्यटन स्थल मढ़ी को सैलानियों के लिए बहाल कर लेगा। उन्होंने बताया कि पर्यटन स्थल मढ़ी के बहाल होते ही पर्यटक परमिट प्राप्त कर मढ़ी तक जा सकते हैं। एन.जी.टी. के आदेशों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

 

Ekta