Watch Pics: इस पर्यटन स्थल में लौटी रौनक, सैलानियों के लिए बनने लगा आकर्षण का केंद्र

Saturday, Jun 10, 2017 - 12:14 PM (IST)

मनाली: मनाली-लेह मार्ग के इस पर्यटन स्थल में रौनक लौट आई है। मनाली-लेह मार्ग के बहाल होने के सप्ताह बाद व्यवसायियों ने सरचू में टैंट लगाने शुरू कर दिए हैं। अक्तूबर महीने के बाद सुनसान पड़े पर्यटन स्थल में सैलानियों का आना-जाना शुरू हो गया है। हिमाचल का अंतिम पर्यटन स्थल सरचू मनाली-लेह के बीच सफर करने वाले सैलानियों की पिछले 2 दशकों से सबसे पसंदीदा सैरगाह बन गया है।


लेह आने-जाने वाले अधिकतर सैलानी सरचू में ही रात्रि ठहराव कर रहे हैं। इस बार रोहतांग दर्रे सहित बारालाचा दर्रे में सड़क किनारे लगे बर्फ के ढेर पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। सरचू में टैंट लगाने वाले व्यवसायी आंगमो, छेरिंग, पासंग, दिलबीर व पूर्ण का कहना है कि सरचू में 7 महीने बाद रौनक लौट आई है।


उनका कहना है कि लेह की ओर जाने वाले सैलानी रात को सरचू में ठहरना पसंद करने लगे हैं। सीमा सड़क संगठन के कमांडर कर्नल ए.के. अवस्थी ने कहा कि बी.आर.ओ. ने 224 कि.मी. लंबे इस मनाली-लेह के सरचू मार्ग की सड़क चौड़ाई का अधिकतर काम पूरा कर लिया है तथा मैटलिंग का भी 70 प्रतिशत काम पूरा कर लिया है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही सैलानी मनाली-लेह मार्ग में सुहाने सफर का आनंद ले सकेंगे।