मनाली-लेह मार्ग पर जमने लगा पानी, अब जोखिम से कम नहीं सफर करना

Sunday, Sep 16, 2018 - 11:29 PM (IST)

मनाली: मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थमने लगी है। रोहतांग सहित बारालाचा दर्रे में हुई हल्की बर्फबारी के बाद रोहतांग दर्रे में वाहनों की रफ्तार लगातार जारी है लेकिन बारालाचा और कुंजुम दर्रे में जोखिम बढऩे लगा है। तापमान में इतनी गिरावट आ गई है कि सड़कों पर बहने वाला पानी भी सितम्बर माह के शुरूआती दौर में जमने लगा है। यहां मनाली-लेह मार्ग की बात करें तो बारालाचा में तो सड़क पर गाड़ी चलाना ड्राइवरों के लिए नई चुनौती बन गया है। इसी के चलते परिवहन निगम ने भी इस मार्ग पर सेवाएं देना बंद कर दिया। 

नई आफत मोल लेना है सुबह व दोपहर के बाद गाड़ी चलाना 
इस सड़क पर सुबह व दोपहर के बाद तो गाड़ी चलाना नई आफत मोल लेना है। लाहौल-स्पीति में मौजूद दर्रे से होकर गुजरने वाली मनाली-लेह सड़क अब वाहन चालकों को परेशान करने लगी है। हालांकि कुछ वाहन चालक अभी भी सैलानियों को लेकर इस सड़क पर से गुजर रहे हैं लेकिन सड़क पर जम रहा पानी किसी अनहोनी घटना को कभी भी अंजाम दे सकता है। मौसम ठीक रहने से रोहतांग दर्रे सहित स्पीति के कुंजम दर्रे में वाहनों की आवाजाही सुचारू है। 

क्या कहते हैं वाहन चालक 
बी.आर.ओ. ने मनाली-सरचू मार्ग पर आधा दर्जन पुलों का निर्माण कार्य शुरू कर रखा है लेकिन उनकी रफ्तार भी अब कम होने लगी है। लेह से मनाली पहुंचे वाहन चालकों रॉकी, शिवा, पवन व सुरेश ने बताया कि सरचू, बारालाचा व भरतपुर के बीच मौसम के बदलाव के चलते तापमान में इतनी भारी गिरावट दर्ज की गई है कि सड़क पर बहने वाला पानी जमने लगा है, जिससे उक्त सड़क पर गाडिय़ां चलाना काफी मुश्किल हो गया है। 

बर्फ पड़ने तक कार्यों को अंजाम देता रहेगा बी.आर.ओ.
बी.आर.ओ. के कमांडर कर्नल ए.के. अवस्थी ने बताया कि रोहतांग दर्रे सहित बाराचाला व दारचा पर जवान तैनात किए गए हैं। यहां बी.आर.ओ. का काम भी चल रहा है। बर्फ पड़ने तक बी.आर.ओ. के जवान कार्यों को अंजाम देते रहेंगे।

Vijay