मनाली-लेह मार्ग 14 घंटे बाद बहाल

Thursday, Jun 07, 2018 - 12:21 PM (IST)

मनाली : सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग 14 घंटों के बाद वाहनों के लिए बहाल हो गया है। मंगलवार शाम को 5 बजे लाहौल के तेलिंग नाले में बाढ़ आने से यह मार्ग सभी वाहनों के लिए बंद हो गया था। बी.आर.ओ. द्वारा सुबह 7 बजे यह मार्ग वाहनों के लिए बहाल किया गया है। मार्ग के बंद हो जाने से लेह आ-जा रहे सैंकड़ों सैलानी फंस गए थे। कुछेक सैलानियों को कोकसर व सिस्सू में टैंटों में रहने की सुविधा मिल गई लेकिन अधिकतर सैलानियों ने गाड़ियों में बैठ कर ही रात बिताई च.आर.टी.सी.केलांग आर.एम. मंगल चंद ने हालात को देखते हुए बसों की सवारियों का तबादला करवा कर लोगों को सही समय पर उनके गंतव्य तक पहुंचा दिया जबकि वाहन आर-पार न होने से सैंकड़ों सैलानी इधर-उधर फंसे रहे।

यातायात सुचारू रखने को बी.आर.ओ. यथासंभव प्रयास कर रहा
तेलिंग नाले में पिछले कुछ दिनों से पानी बढ़ रहा था लेकिन 5 बजे के करीब अचानक नाले में बाढ़ आ गई और देखते ही देखते मलबा सड़क पर बिखर गया। मनाली से लेह जा रहे लगभग 300 वाहन कोकसर और गुफा होटल के बीच फंस गए जबकि लाहौल की ओर केलांग और सिस्सू के बीच सैंकड़ों सैलानी मार्ग बंद होने से फंस गए। बी.आर.ओ. कमांडर कर्नल ए.के. अवस्थी ने बताया कि तेलिंग नाले में बाढ़ आ जाने से यह समस्या पैदा हुई थी। पानी के साथ काफी मलबा भी सड़क पर आ गया था, जिसे सुबह हटा दिया गया है। मनाली-लेह मार्ग में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू कर दिया गया है। यातायात सुचारू रखने को बी.आर.ओ. यथासंभव प्रयास कर रहा है।

kirti