तेलिंग नाले में बाढ़ से मनाली-लेह मार्ग बाधित, सैंकड़ों सैलानी फंसे

Wednesday, Jun 06, 2018 - 01:29 AM (IST)

मनाली: लाहौल घाटी के कोकसर से 8 किलोमीटर दूर तेलिंंग नाले में बाढ़ आने से सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग अवरुद्ध हो गया। शाम को नाले में आई बाढ़ से दोनों ओर सैंकड़ों पर्यटक वाहन फंस गए हैं। बी.आर.ओ. मार्ग बहाली में जुटा हुआ है लेकिन अभी तक सड़क बहाल नहीं हो सकी है। मंगलवार को हालांकि सैलानियों के लिए रोहतांग दर्रा बंद था लेकिन लेहसहित स्पीति मार्ग में वाहनों की आवाजाही जारी थी। कोकसर से 8 कि.मी. दूर तेलिंग नाले में शाम 5 बजे अचानक पानी बढ़ गया, जिसने कुछ ही पलों में बाढ़ का रूप ले लिया। बाढ़ आने से मनाली से लेह जा रहे सैंकड़ों सैलानी कोकसर में फंस गए हैं जबकि लेह से मनाली आ रहे सैंकड़ों सैलानी केलांग और सिस्सु के बीच फंसे हुए हैं।


एस.पी. लाहौल-स्पीति राजेश धर्माणी ने बताया कि बाढ़ आने से मनाली-लेह मार्ग बंद हो गया है। उन्होंने बताया कि सैलानियों को कोकसर और केलांग में रोका जा रहा है ताकि उन्हें दिक्कतों का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि सैंकड़ों पर्यटक नाले में बाढ़ आने से इधर-उधर फंस गए हैं। एच.आर.टी.सी. केलांग प्रभारी मंगल चंद मनेपा ने बताया कि सवारियों को ट्रांसमिट कर गंतव्य तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। सीमा सड़क संगठन के कमांडर कर्नल ए.के. अवस्थी ने बताया कि बाढ़ से सड़क का कुछ हिस्सा बह गया है। बी.आर.ओ. मार्ग बहाली में जुटा हुआ है।

Vijay