8 महीने बाद मनाली-लेह मार्ग बहाल होते ही दौड़े वाहन, सैलानियों के चेहरे पर लौटी रौनक

Monday, Jun 10, 2019 - 04:16 PM (IST)

 

रोहतांग (ब्यूरो): आखिरकार 8 महीने बाद मनाली-लेह मार्ग बहाल हो गया। आम लोगों और सैलानियों के लिए इसे पूरी तरह से खोल दिया गया है। बी.आर.ओ. ने मनाली-लेह मार्ग को वाहनों के लिए खोल दिया है। देश-विदेश के सैलानी भी अब यहां पर सुहाने सफर का आनंद उठा सकेंगे। लेह मार्ग अक्तूबर महीने से बंद था। बी.आर.ओ. ने हालांकि मनाली-लेह मार्ग को डबललेन बनाने का कार्य 2008 में शुरू किया था लेकिन काम करने की समयावधि कम होने के कारण बी.आर.ओ. एक दशक में भी 476 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को चकाचक नहीं कर पाया है। जानकारी के अनुसार जनजातीय क्षेत्र लाहौल स्पीति में केलांग से सरचू तक दीपक परियोजना बीआरओ की 38 आरसीसी ने बर्फ हटाकर मनाली-लेह मार्ग मार्ग बहाल कर दिया है। इससे अब कारगिल सहित लेह-लद्दाख क्षेत्र में बैठे देश के प्रहरियों तक रसद पहुंचाई जाएगी।

अक्तूबर 2018 से बंद था मार्ग

लेह मार्ग बर्फबारी के चलते अक्टूबर, 2018 से बंद था। मनाली-लेह मार्ग बहाल होने से सैलानी साढ़े 15 हजार फुट ऊंचे बारालाचा दर्रे में बर्फ के दीदार कर सकेंगे। जल्द ही अब इस मार्ग पर हिमाचल पथ परिवहन निगम दिल्ली से लेह के लिए बस सेवा शुरू करेगा।

Ekta