बर्फबारी से मनाली-केलांग मार्ग बंद, लाहौल जा रही यात्रियों से भरी बस कुल्लू लौटी

Wednesday, Apr 11, 2018 - 07:38 PM (IST)

मनाली: रोहतांग दर्रे में सुबह से हो रही बर्फबारी के चलते कुल्लू से लाहौल जा रही एच.आर.टी.सी. की बस मनाली से वापस लौट गई। एच.आर.टी.सी. ने सफल ट्रायल करने के बाद आज से ही लाहौल घाटी के लिए बस सेवा शुरू की थी। कुल्लू से 37 सवारियों के साथ बस लाहौल रवाना कर दी थी लेकिन बर्फबारी ने पहले दिन ही एच.आर.टी.सी. की परेशानियों को बढ़ा दिया। बी.आर.ओ. द्वारा रोहतांग दर्रा बहाल करने के बाद लाहौल के लोगों को राहत मिल गई थी लेकिन बुधवार को बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया। 


रोहतांग दर्रे में थमी वाहनों की रफ्तार 
बर्फबारी होने से रोहतांग दर्रे में वाहनों की आवाजाही थम गई है। सुबह से हो रही बर्फबारी से कोई भी वाहन दर्रा आर-पार नहीं कर पाया है। वन-वे होने के कारण बुधवार को वाहनों का काफिला मनाली से लाहौल जाना था लेकिन अब ये वाहन वीरवार को लाहौल का रुख करेंगे। वहीं एच.आर.टी.सी. केलांग डिपो के आर.एम. मंगल चंद मनेपा ने बताया कि मौसम खुलने के बाद ही रोहतांग दर्रे के हालात को देखने के बाद बस सेवा शुरू की जाएगी। 


मनाली-लेह मार्ग की बहाली हुई प्रभावित 
बर्फबारी होने से मनाली-लेह मार्ग की बहाली भी प्रभावित हुई है। बी.आर.ओ. 70 आर.सी.सी. ने रोहतांग को बहाल करने के बाद लेह मार्ग बहाली को गति दे दी है। बी.आर.ओ. के डोजर दारचा के पटसेउ से आगे निकल गए हैं। बी.आर.ओ. कमांडर कर्नल अरविंद कुमार अवस्थी का कहना है कि रोहतांग दर्रे सहित लेह मार्ग के बारालाचा दर्रे में भी भारी हिमपात हुआ है, जिससे बी.आर.ओ. की मार्ग बहाली प्रभावित हुई है।

Vijay