फिर बदली मौसम ने करवट, रोहतांग सहित ऊंची चोटियों में हिमपात

Monday, Jun 05, 2017 - 08:29 PM (IST)

मनाली : रोहतांग व बारालाचा दर्रे सहित मनाली की समस्त ऊंची चोटियों ने बर्फ  की सफेद चादर ओढ़ ली है। दर्रे सहित धुंधी जोत, मकरवेद व शिकरवेद की पहाडिय़ों, हनुमान टिब्बा, सैवन सिस्टर पीक, भृगु व दशौहर की पहाडिय़ों, पतालसू जोत, इंद्र किला, व लद्दाखी पीक की पहाडिय़ों में हल्का हिमपात हुआ है। गौर हो कि मनाली का समर सीजन यौवन पर है तथा मैदानी क्षेत्रों की तपिश से राहत पाने के लिए यहां रोजाना सैंकड़ों देशी-विदेशी पर्यटक पहुंच रहे हैं। गर्मियों में बर्फ  के फाहे देख सैलानी भी खासे उत्साहित हो रहे हैं। सोमवार को रोहतांग दर्रे की ओर बर्फ  के दीदार करने पहुंचे सैलानियों का स्वागत बर्फ  के फाहों से हुआ। हालांकि यह क्रम थोड़ी देर ही चला लेकिन सैलानी यह सब देख खासे उत्साहित हुए। पर्यटन नगरी मनाली में सुहावना मौसम सैलानियों का स्वागत कर रहा है। 



लगातार बारिश होने से कूल-कूल हुआ मौसम 
पिछले कुछ दिनों से पहाड़ों पर बर्फ  के फाहे गिर रहे हैं जबकि घाटी बारिश की बूदों से सराबोर होने के चलते कूल-कूल हो गई है। बर्फ  की सफेद चादर से मनाली के सौंदर्य को चार चांद लग गए हैं। सोमवार को लगभग 1200 पर्यटक वाहनों ने रोहतांग दर्रे का रुख किया। हालांकि रोहतांग दर्रे में व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रतिबंध है लेकिन सैलानी कुल्लवी परिधान पहनकर फोटोग्राफी का आनंद ले रहे हैं। मनाली आने वाला हर सैलानी बर्फ  का शृंगार किए पहाड़ों से मंत्रमुग्ध हो रहा है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने कहा कि गर्म क्षेत्रों से मनाली पहुंच रहे सैलानी कूल-कूल मौसम देख खासे उत्साहित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ों पर हो रही ताजा बर्फबारी व सुहावना मौसम सैलानियों का स्वागत कर रहा है।