घर से आभूषण चोरी, सुनार सहित 3 गिरफ्तार

Monday, Aug 28, 2017 - 08:19 PM (IST)

मनाली : जिला लाहौल-स्पीति के सलग्रां गांव में 3 शातिरों ने एक महिला के घर में सेंध लगा दी। शातिर इस घर से सोने-चांदी के आभूषण ले उड़े। वारदात की शिकार महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। त्वरित कार्रवाई अमल में लाते हुए पुलिस ने तीनों शातिरों को धर लिया। धरे गए इन लोगों में एक सुनार भी शामिल है। इसके अलावा धरे गए 2 अन्य शातिरों में से एक लाहौल-स्पीति व दूसरा कुल्लू में रहता है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी चल रही है। जानकारी के अनुसार रविवार रात शातिरों ने सलग्रां में इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार सलग्रां गांव की बबीता देवी ने पुलिस के पास उसके घर में चोरी होने की शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार महिला के घर से 2 सोने की अंगूठियां, 5 चांदी के सिक्के व अन्य आभूषण चोरी हुए। चोरी हुए सारे आभूषणों की कीमत करीब 40 से 50 हजार रुपए के बीच आंकी गई। 

ऐसे दबोचा शातिरों को 
जब पुलिस ने शातिरों को दबोचने के लिए जाल बिछाया तो शातिर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इन शातिरों में एक व्यक्ति पंजाब राज्य का रहने वाला है और मौजूदा दौर में उदयपुर में सुनार की दुकान चला रहा है। उसे भी मामले में गिरफ्तार किया गया है और चोरीशुदा आभूषणों में से कुछ सामान उसके कब्जे से भी पुलिस ने बरामद किया है। अन्य 2 शातिरों के कब्जे से भी कुछ आभूषण बरामद हुए हैं। लाहौल-स्पीति के एस.पी. गौरव सिंह ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अमर निवासी डोभी कुल्लू, इंद्र निवासी पंजाब और दीवान निवासी सलग्रां जिला लाहौल-स्पीति शामिल हैं। इंद्र उदयपुर में सुनार का काम करता है। उन्होंने कहा कि इस सुनार की इस पूरे प्रकरण में क्या भूमिका थी, इसका भी पता लगाया जा रहा है। इससे पहले इन आरोपियों ने कहां-कहां चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है इस बिंदु पर भी छानबीन चल रही है।