सिहुंता के टुंडी में व्यक्ति की हत्या, भतीजा फरार

punjabkesari.in Friday, Jan 01, 2021 - 05:09 PM (IST)

सिहुंता (सुभाष): चम्बा जिले के सिहुंता क्षेत्र की टुंडी पंचायत के धारणा गांव में एक व्यक्ति की हत्या हो गई है। पुलिस ने आई.पी.सी. की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कमल सिंह (66) पुत्र चतर सिंह निवासी धारणा का शव घर के समीप सिहुंता-लाहडू मार्ग के साथ एक डंगे के नीचे शुक्रवार सुबह परिजनों को मिला। इसकी सूचना पुलिस चौकी सिहुंता में दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद सिहुंता पुलिस चौकी के प्रभारी शेर सिंह धीमान, थाना प्रभारी चुवाड़ी रोहित गुलेरिया के साथ ही डीएसपी डल्हौजी विशाल वर्मा ने भी मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य इक किए। जांच में शरीर पर गहरे घाव पाए गए हैं। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों व अन्य ग्रामीणों से पूछताछ की गई। पूछताछ में मृतक के भतीजे पर हत्या का शक जाहिर किया है। वह वीरवार रात से फरार है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चम्बा भेज दिया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

परिजनों के मुताबिक मृतक कमल सिंह व सुरजीत सिंह वीरवार शाम को साथ में थे तथा वारदात वाले स्थान पर दो कमरे भी हैं वहां कोई रहता नहीं है। दोनों वहां देखे गए थे। रात को जब कमल सिंह घर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी लेकिन कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह जब सड़क के नीचे की तरफ परिवार के सदस्य की नजर पड़ी तो कमल सिंह मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। हालांकि हत्या के असल कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। उधर, डीएसपी डल्हौजी विशाल वर्मा ने कहा कि पुलिस द्वारा हर साक्ष्य को इकट्ठा किया जा रहा है तथा आरोपी व्यक्ति जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होगा। उन्होंने कहा कि हत्या के कारण व आरोपी का पता लगाने में पुलिस जुट गई है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Kaku Chauhan

Recommended News

Related News