जगातखाना में किराए के मकान में मृत मिला संगरूर का व्यक्ति

Sunday, Mar 19, 2023 - 11:32 PM (IST)

आनी (ब्यूरो): निरमंड आनी के जगातखाना में पंजाब प्रांत के संगरूर का व्यक्ति अपने किराए के मकान में मृत पाया गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद सोमवार को रिश्तेदारों को सौंपेगी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि व्यक्ति शराब पीने के बाद गिर गया था, जिससे उसकी मौत हुई है। व्यक्ति के क्वार्टर में मृत पड़े होने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पंचायत प्रतिनिधियों व अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को कब्जे में लिया गया। शव कमरे में डबलबैड पर पड़ा था। उसके हाथ के ऊपर खरोंचें पाई गईं जो गिरने के कारण आई थीं।

प्रथम दृष्टया व्यक्ति गिरा होगा और इससे हाथ व कंधे में खरोंचें आईं और अंदरूनी चोटें भी आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की मां पार्वती और बहन रानी से भी संपर्क किया। उन्होंने पुलिस को कहा कि शव मृतक की पत्नी सावित्री को सौंप दिया जाए। मृतक की पहचान सतपाल पुत्र भगवान सिंह निवासी सुनाम संगरूर पंजाब के रूप में हुई है। सतपाल इसी इलाके में काम करता था। एसपी साक्षी वर्मा ने घटना की पुष्टि की है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay