दिल दहला देने वाली घटना, ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत

Thursday, Mar 08, 2018 - 01:22 PM (IST)

इंदौरा : कांगड़ा के इंदौरा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां रेलवे पुलिस थाना कांगड़ा की चौकी कंदरोड़ी के अंतर्गत एक व्यक्ति की रात के समय किसी ट्रेन के नीचे आने मौत हो गई। मृतक की उम्र लगभग 40 साल बताई जा रही है। इस मामले के संदर्भ में जानकारी देते हुए जी.आर.पी. चौकी कंदरोड़ी प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि वीरवार सुबह पैसेंजर ट्रेन के चालक ने कंदरोड़ी चौकी में सूचना दी। उन्होंने कहा कि  88 किलोमीटर के निकट मीलवां रेल ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में एक शव पड़ा हुआ है। जिस पर वे स्वयं जी.आर.पी. टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे व उपप्रधान मीलवां गगन सिंह की उपस्थिति में साक्ष्य जुटाए।

वहीं खबर फैलते ही स्थानीय लोग भी मौका पर जमा हो गए। जी.आर.पी. ने शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल नूरपुर भिजवा दिया है। फिलहाल अभी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। शव शिनाख्त हेतु आगामी 72 घण्टे के लिए नूरपुर शव गृह में रखा जाएगा। फिलहाल जी.आर.पी. ने मामला दर्ज कर लिया है। आगामी छानबीन जारी है।