मालरोड मनाली पर एक साथ थिरकेंगे सैंकड़ों महिलाओं के कदम

Sunday, Dec 17, 2017 - 02:44 PM (IST)

मनाली: देश-विदेश से क्रिसमस पर्व और न्यू ईयर का जश्न मनाने मनाली आ रहे सैलानियों के लिए खास तैयारियां की जा रही हैं। क्रिसमस पर्व और न्यू ईयर की संध्या पर मनाली उपमंडल की सैंकड़ों महिलाओं के कदम कुल्लवी वाद्य यंत्रों की धुन पर थिरकेंगे। एक साथ सैंकड़ों महिलाएं मालरोड मनाली में कुल्लवी नृत्य की प्रस्तुति देगी। एक ओर महिला मंडलों द्वारा प्रस्तुत नाटी से सैलानियों को कुल्लवी संस्कृति से रू-ब-रू करवाया जाएगा तो दूसरी ओर पर्यटन निगम केक्लब में क्रिसमस क्वीन का चयन किया जाएगा। पर्यटन निगम ने सैलानियों की शाम को रंगीन बनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने क्लब हाऊस में आयोजित होने वाले संध्या के कार्यक्रम की बुकिंग भी शुरू कर दी है। निगम अपने होटलों में ठहरने वाले सैलानियों को प्राथमिकता दे रहा है। 


वॉयस ऑफ विंटर कार्निवाल देंगे प्रस्तुति
वॉयस ऑफ  विंटर कार्निवाल मनाली के चयनित लोक गायक भी अपनी सुरीली आवाज से सैलानियों का मनोरंजन करेंगे। इसके साथ-साथ स्थानीय होटलियर्ज भी अपने-अपने स्तर पर इन दिनों को खास बनाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं। स्तरीय होटलों में कुल्लवी नाटी की विशेष व्यवस्था की जा रही है। होटल स्नो वैली रिजोर्ट के प्रबंधक बख्शी ने बताया कि क्रिसमस और न्यू ईयर मनाने मनाली आ रहे सैलानियों के लिए कुल्लवी नाटी की विशेष व्यवस्था की गई है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने बताया कि पहाड़ों पर बर्फबारी होने से क्रिसमस और न्यू ईयर के दौरान मनाली में सैलानियों की संख्या बढ़ेगी।