सिरमौर में बड़ा हादसा, खड्ड में डूबने से 2 सगे भाइयों की मौत, परिवार में पसरा मातम

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 02:25 PM (IST)

Sirmour (आशु) : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां दो मासूम सगे भाइयों की खड्ड में डूबने से मौत हो गई। वहीं, इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

खड्ड के किनारे खेल रहे थे दोनों

जानकारी के अनुसार, यह हादसा जिले के संगड़ाह उपमंडल की नौहराधार तहसील के देवामानल गांव में हुआ। बताया जा रहा है कि देवामानल गांव के दो सगे भाई, 8 वर्षीय आयन और 9 वर्षीय अभिनव, गांव के पास खड्ड के किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान संकरे रास्ते से गुजरते समय अचानक आयन का पैर फिसल गया और वह खड्ड के गहरे पानी में जा गिरा। उसे डूबता देख बड़ा भाई अभिनव तनिक भी नहीं हिचकिचाया और भाई की जान बचाने के लिए खुद भी खड्ड में उतर गया। पानी गहरा होने के कारण दोनों भाई खुद को संभाल नहीं पाए और गहरे पानी में डूब गए। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन जब तक बच्चों के पिता वहां पहुंचे, तब तक दोनों बच्चों के शरीर पानी में तैर रहे थे। इसके बाद दोनों को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से नौहराधार अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

गांव में शोक की लहर

इधर, घटना की सूचना मिलते ही नौहराधार पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। तहसीलदार नौहराधार विनोद कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ भेजा गया है। पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से फौरी राहत प्रदान की जा रही है। एक साथ दो बेटों की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव में हर आंख नम है और लोग इस दर्दनाक हादसे को याद कर भावुक हो उठे हैं। एस.डी.एम. संगड़ाह सुनील कायथ ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए क्षेत्रवासियों से अपील की कि इन दिनों बारिश के चलते जलस्तर बढ़ने के कारण नदी-नालों और खड्डों के किनारे विशेष सावधानी बरतें।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News