"मैं जागृत हिंदू बनना चाहती हूं", भाजपा सांसद कंगना रनौत बोली -मेरे लिए यह रास्ता बंद क्यों हो?

punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 09:53 AM (IST)

हिमाचल डेस्क : हाल ही में 'जेन जेड' प्रदर्शनकारियों को "जेनरेशन गटर" कहने की वजह से चर्चा में रहीं अभिनेत्री एवं भाजपा सांसद कंगना रनौत ने सोमवार को कहा कि वह पहले एक "उदार सोच वाली हिंदू" थीं, लेकिन अब ''खुद को बदलकर'' एक "जागृत हिंदू" बनना चाहती हैं। 'इंस्टाग्राम' पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में रनौत ने उन लोगों की आलोचना की जो एक अभिनेत्री के रूप में उनके अतीत को देखते हुए उनके वर्तमान विचारों पर सवाल उठाते हैं।

'मैं भाजपा और आरएसएस की विचारधारा अपनाना चाहती हूं'

कंगना रनौत ने कहा, "मुझे ताना दिया जाता है, 'तुम कब से संघी बन गई?' मैं संघी बनना चाहती हूं। मैं भाजपा और आरएसएस की विचारधारा अपनाना चाहती हूं, जो एक जागृत हिंदू की विचारधारा है। मैं ऐसा क्यों नहीं कर सकती? जब हिंदू बेटियों की बात आती है, तब समाज के तथाकथित ठेकेदार हमारे दस साल पुराने जीवन को देखने लगते हैं और कहते हैं, 'तुम पहले पार्टी करती थी, तुम यह करती थी।' हां, मैं करती थी, लेकिन अब मैं बदलना चाहती हूं। मेरे लिए यह रास्ता बंद क्यों हो?" हिमाचल प्रदेश की मंडी से सांसद रनौत ने कहा कि वह अपने अतीत का बचाव नहीं करना चाहतीं।

'हर दृश्य इतना अजीब और भद्दा'

भाजपा सांसद ने यह भी कहा कि उन्होंने समान वेतन, भाई-भतीजावाद और फिल्मों में आइटम नंबरों के विरोध में आवाज उठाई थी। अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वालीं रनौत ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के वीडियो को "गंदगी, कचरा और बदसूरती" का प्रदर्शन बताया। उन्होंने पिछले सप्ताह कहा था, "जेन जेड के प्रदर्शनों की ये रील देखकर उल्टी आने जैसी भावना होती है। वे जिस तरह बात करते हैं और जैसी भाषा इस्तेमाल करते हैं, वैसा मैंने अपनी जिंदगी में कभी नहीं देखा। हर दृश्य इतना अजीब और भद्दा है। आखिर इन्हें कौन जन्म दे रहा है और कौन पाल-पोस रहा है?" उन्होंने यह भी कहा, "यह तथाकथित पश्चिमी सोच वाली भारतीय महिलाओं की नयी पीढ़ी है। मैं इन्हें 'जनरेशन गटर' कहती हूं।" कंगना रनौत के ये बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए, जिसके बाद कई लोगों ने उनकी "भद्दी टिप्पणियों" की आलोचना की। 

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News