तस्वीरों में देखिए, अपनों को बिलखता छोड़ पंचतत्व में विलीन हिमाचल का वीर सपूत

Wednesday, Jul 19, 2017 - 04:57 PM (IST)

धर्मशाला: 8वीं राष्ट्रीय राइफल्स के जवान मेजर शिखर थापा अपनों को बिलखता छोड़ पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। बुधवार को धर्मशाला के साथ लगते शीला चौक में उन्हें पूरे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दे दी गई। इस मौके पर जिला प्रशासन के कई अधिकारी भी मौजूद रहे। शिखर थापा के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। जवान को अंतिम विदाई देने के लिए पूरा धर्मशाला उमड़ पड़ा।





सेना के जवान ने मारी थी गोलियां
उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पास सैन्य चौकी में आपसी कहासुनी के चलते सेना के एक जवान ने मेजर शिखर थापा को गोली मार दी थी, जिसमें उनकी मौत हो गई। शिखर का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह ही उनके दाड़ी स्थित घर पर पहुंचाया गया। शव पहुंचते ही घर का माहौल गमगीन हो गया। बताया जाता है कि जम्‍मू-कश्‍मीर में नियंत्रण रेखा पर एक सैन्‍य चौकी में मेजर ने जवान को फोन का इस्तेमाल करने से रोका था। इस पर गुस्साए जवान ने उसको गोली मार दी। मेजर शिखर थापा (29) पुत्र अरविंद्र कुमार थापा धर्मशाला के निकट दाड़ी के रहने वाले थे। उनकी शादी 24 जुलाई 2015 को सुविधा थापा के साथ हुई थी। उन्होंने 2011 में कमीशन प्राप्त किया था।