फिल्मी स्टाइल में पकड़े तस्कर: नाका तोड़ की भागने की कोशिश, घेराबंदी कर दबोचे

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 05:25 PM (IST)

रोहड़ू, (बशनाट): जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोटखाई पुलिस ने एक अहम सफलता हासिल करते हुए मादक पदार्थ, अवैध हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हरियाणा नंबर की काले रंग की टाटा सफारी में दो व्यक्ति महासू से कोकुनाला की ओर चिट्टा (हेरोइन) लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने महासू सड़क पर कोकुनाला के समीप पुराने पुल के पास नाकाबंदी कर दी।

कुछ ही देर बाद संदिग्ध वाहन मौके पर पहुंचा। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन को तेज गति से नाके से निकालने का प्रयास किया और पास खड़ी एक पिकअप को टक्कर मार दी। इसके बाद चालक ने वाहन को आगे-पीछे कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर काबू कर लिया।

वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों की पहचान रूवल चौहान (26), निवासी ठकरोट, डाकघर बगाहर, तहसील कोटखाई और रमनजीत सिंह (50), निवासी सन्नी एन्क्लेव, सेक्टर-125, खरड़, जिला एस.ए.एस. नगर मोहाली (पंजाब) के रूप में हुई है। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर वाहन से एक अटैची बरामद हुई, जिसमें से पिस्टल (पिएत्रो बेरेटा), दो गैस सिलेंडर, पिस्टल के छर्रे, एक छोटा चाकू, 6.15 ग्राम क्रिस्टल मेथ (आईस) तथा 2.25 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

एस.एस.पी. शिमला गौरव सिंह ने बताया पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर इनके खिलाफ थाना कोटखाई में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गहन जांच जारी है। एस.एस.पी. शिमला ने स्पष्ट कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ जिला पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस हर स्तर पर सक्रिय है और किसी भी सूरत में नशा माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News