Sex Racket Case : मुख्य सरगना ने उगले कई राज, बाहरी राज्यों से भी जुड़ें हैं तार

Thursday, Aug 24, 2017 - 01:22 AM (IST)

कुल्लू: जिस्मफरोशी के गोरखधंधे का जाल हिमाचल में ही नहीं बल्कि अन्य कई राज्यों में फैला हुआ है। गोरखधंधे में ग्राहक भी दूसरे प्रांतों के ही होते हैं और जिस्मफरोशी के दलदल में फंसी युवतियां और महिलाएं भी दूसरे प्रांतों की ही होती हैं। विदेशी युवतियों को भी इस गोरखधंधे में घसीटा गया है। गोरखधंधे से जुड़े लोग ग्राहक की डिमांड पर विदेशी युवतियों को भी उनके समक्ष पेश करते हैं। सैक्स रैकेट मामले में गुडग़ांव से गिरफ्तार किए गए मुख्य सरगना कुशल उर्फ मोहित ढींगरा ने पुलिस पूछताछ में ऐसे कई राज उगले हैं। यह आरोपी 24 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर चल रहा है। इस शख्स से पहले पुलिस ने एक महिला सहित 2 अन्य लोगों को धरा था।

सरगना की पत्नी पहले कर चुकी है कई खुलासे
रिमांड अवधि के दौरान स्वयं को मोहित ढींगरा की पत्नी बताने वाली महिला ने भी कई राज उगले थे। वैबसाइट के जरिए किस तरह गोरखधंधे को ये लोग आप्रेट करते थे, इसका पूरा खुलासा महिला ने मनाली पुलिस के समक्ष किया था। मनाली थाना में आरोपी महिला ने पुलिस को वैबसाइट के जरिए ग्राहकों को फांसने का फार्मूला भी बताया था। अब मामले का मुख्य आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा हुआ है। मुख्य आरोपी मोहित ढींगरा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को चकमा देकर मनाली से फरार हो गया था जिसे गुडग़ांव से धरा गया। 

हिमाचल के कई होटल बना रखे हैं अड्डा
पंजाब के भटिंडा के रहने वाले मुख्य आरोपी ने पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा किया कि दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से कई लोग मौज मस्ती करने हिमाचल आते हैं। मौज मस्ती की प्लानिंग बनाने से पहले वे उनसे संपर्क करते हैं। हिमाचल में कुल्लू मनाली, शिमला, मैक्लोडगंज व सोलन सहित विभिन्न जगहों पर कई होटल उनके अड्डे हैं। पूरा कार्यक्रम फिक्स होने के बाद ग्राहक को होटल का नाम व कमरा नंबर बताया जाता है। फिर बताए गए कमरे में तय समय व तारीख पर संबंधित लड़की या महिला भी पहुंच जाती है। सौदे हजारों से लाखों में तय होते हैं। मंडी में एक होटल को लीज पर लेकर उसे ढींगरा ने अपना ठिकाना बनाया है। वहां से गोरखधंधे को आप्रेट किया जाता है। 

ग्राहक से पहले वसूला जाता है पैसा
वैबसाइट पर जब कोई ग्राहक फंस गया तो उसे पूरी जानकारी दी जाती है। उसे यह भी बताया जाता है कि संबंधित होटल में लड़की पहुंच जाएगी। कौन लड़की या महिला आएगी इसकी तस्वीर पहले ही ग्राहक को दिखाई जाती है। कई बार तो खास ग्राहकों से इंटरनैट पर फेस टू फेस लड़की की बात भी करवाई जाती है। गोरखधंधे में पैसे को लेकर पूरी ईमानदारी का परिचय दिए जाने का ढींगरा ने हवाला देते हुए पुलिस को बताया कि ग्राहक से लिए गए पैसे का तय हिस्सा लड़की को दिया जाता है। बाकी हिस्सा उसमें तथा अन्य संबंधित लोगों में बंटता है। इसमें वे दलाल भी हिस्सेदार होते हैं जो लड़कियों और महिलाओं को उसके संपर्क में लाते थे। 

हो सकती हैं कुछ और गिरफ्तारियां
मनाली थाना के प्रभारी के.डी. शर्मा ने बताया कि आरोपी मोहित ढींगरा से पूछताछ चल रही है। गोरखधंधे से संबंधित कई और राज हाथ लगने की पुलिस को उम्मीद है। आरोपी से पूछताछ के बाद कुछ गोरखधंधे से जुड़े कुछ और लोगों को भी पुलिस दबोच सकती है।