पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा फर्जीवाड़े के मास्टरमाइंड ने किया सरैंडर (Video)

Friday, Jan 03, 2020 - 08:43 PM (IST)

धर्मशाला/पालमपुर (नितिन/भृगु): हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कांगड़ा विमुक्त रंजन के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। फर्जीवाड़े का मुख्य आरोपी विक्रम चौधरी निवासी ज्वाली अगस्त माह से फरार था और दिल्ली, हरियाणा व उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में घूम रहा था। उसकी धरपकड़ को लेकर पुलिस टीम पिछले कई माह से कई राज्यों में दबिश दे रही थी। कई बार तो विक्रम चौधरी पुलिस के हाथों से बचकर निकल गया लेकिन पुलिस के तलाशी अभियान को देखकर उसने शुक्रवार को आत्मसमर्पण कर दिया।

बता दें कि 11 अगस्त को परौर में पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया था। प्रदेश में किसी भी लिखित परीक्षा में यह अब तक का सबसे बड़ा फर्जीवाड़ा था, जिसमें हाईटैक नकल करवाए जाने की बात सामने आई थी। इस फर्जीवाड़े के तार कई राज्यों से जुड़े हुए थे। पुलिस द्वारा 11 अगस्त, 2019 को ही घटना के तत्काल बाद 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था जिनमें सॉल्वर थे। इनसे पूछताछ के बाद एक के बाद एक पुलिस ने कई गिरफ्तारियां की थीं तथा कुल 33 आरोपियों को चार्जशीट में नामजद किया गया था।

फर्जीवाड़े के चलते भर्ती परीक्षा को रद्द करना पड़ा था, जिसके पश्चात 8 सितम्बर को पुन: परीक्षा आयोजित करनी पड़ी थी। पुलिस ने विक्रम को लेकर लुकआऊट नोटिस भी जारी किया था। वहीं नेपाल सीमा पर भी पुलिस ने चौकसी बढ़ाई हुई थी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस संबंध में नेपाल व भूटान पुलिस से भी संपर्क साध रखा था। वहीं पुलिस बार-बार विक्रम के स्थानीय संपर्कों से भी पूछताछ कर रही थी। पुलिस के इसी दबाव का परिणाम निकला की विक्रम ने पुलिस के समक्ष समर्पण कर दिया।

Vijay