CM के OSD के पक्ष में उतरे महेश्वर, आरोप लगाने वालों पर साधा निशाना

Saturday, Nov 03, 2018 - 11:47 PM (IST)

कुल्लू: मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. पर लगे आरोपों पर सोमवार को कुल्लू में पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने चुप्पी तोड़ी तथा आरोप लगाने वालों को घेरा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अब खूंटा मिलते ही उछलने लगे हैं। इससे पहले वे लोग चुप्प बैठे हुए थे। भाजपा की पूर्व महिला मोर्चा की अध्यक्ष द्वारा मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. पर किसी वीडियो को लेकर लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा कि ये लोग बताएं कि उस वीडियो में आखिर है क्या। उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से एक उपाध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हाल ही में जो ताजपोशी हुई है उसके बाद ही उनके बछड़े उछलने लगे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तथाकथित नेत्री ने मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. पर आरोप लगाए हैं उसे विस चुनाव के बाद पार्टी विरोधी कार्य करने के आरोप में पद से भारमुक्त किया है, उसी के बाद तिलमिलाकर ऐसी बयानबाजी की जा रही है और ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं।

होटल में कांग्रेस के प्रत्याशी से मिलने गई थी उक्त नेत्री
उन्होंने कहा कि कहीं यह सी.डी. का जिक्र तो नहीं जिसमें चुनाव के दौरान उक्त नेत्रियां एक होटल में कांग्रेस प्रत्याशी के साथ मिलकर भाजपा के प्रत्याशी को हराने की साजिश कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान उक्त नेत्री व 2 अन्य भाजपा की नेत्रियां, जिसमें एक जिला पार्षद भी शामिल है एक होटल में कांग्रेस के प्रत्याशी से मिलने गई थीं और वहां पर अपने ही पार्टी के उम्मीदवार को हराने की रणनीति तय की थी। इसके बाद जब कांग्रेस का प्रत्याशी जीता था तो कांग्रेस की रैली में जीते प्रत्याशी के साथ पहले ढालपुर चौक में उक्त नेत्रियों ने विक्ट्री बनाकर जश्न मनाया और बाद में अखाड़ा बाजार में एक भाजपा के नेता के घर अपनी पार्टी के प्रत्याशी की हार की खुशी का जश्न मनाया था, जिसके फ ोटो भी वायरल हुए थे। उहोंने कहा कि आज एक नेता के इशारे पर जिसे हाल ही में सरकार द्वारा औहदा दिया गया है, मुख्यमंत्री कार्यालय को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। इस मौके पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सेन, महामंत्री अमर ठाकुर, मीडिया प्रभारी राजेंद्र शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।

ई-मेल का फंडा
जब निष्कासित महिला नेत्री द्वारा ई-मेल के संदर्भ में पूछा गया तो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमित सूद ने कहा कि यह ई-मेल आज तक पार्टी के किसी उच्च पदस्थ पदाधिकारी को नहीं मिली है। उन्होंने ई-मेल को लेकर कहा कि जिस ई-मेल आई.डी. पर यह भेजी गई है उसमें पवन शब्द में ए की जगह ई लिखा गया है। जोकि गलत है। जब पूछा गया कि क्या यह जानबूझकर किया होगा तो इस पर तुरंत जवाब देते हुए महेश्वर सिंह ने कहा कि यह संगठन का मसला है और हमारे संगठन के उच्च पदस्थ पदाधिकारी ही बता पाएंगे। भाजपा के जिलाध्यक्ष भीमसेन शर्मा ने कहा कि उक्त नेत्री सहित अन्य कुछ लोगों को पहले ही निष्कासित किया गया है। कितने लोग निष्कासित चल रहे हैं इस पर भाजपा अध्यक्ष चुप रहे।

 

Vijay