हिमाचल के सैनिक की महाराष्ट्र में हृदय गति रुकने से मौत

Saturday, Jan 14, 2017 - 01:23 AM (IST)

चढियार: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के चढियार क्षेत्र के गांव संसाई के सैनिक नायब सूबेदार तिलक जम्वाल (45) की हृदय गति रुकने से अहमद नगर महाराष्ट्र में मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार नायब सूबेदार तिलक जम्वाल मेका नाइज सैंटर अहमद नगर में तैनात थे तथा उनकी ड्यूटी के दौरान अचानक हृदय गति रुकने से मौत हो गई। जैसे ही उनके गांव में लोगों को इसकी सूचना मिली तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। उनके पार्थिव शरीर को पुणे से हवाई जहाज द्वारा जम्मू पहुंचाया गया तथा जम्मू से सड़क मार्ग द्वारा उनके गांव संसाई में गुरुवार देर शाम को पहुंचाया गया।

जांबाज सैनिक को दिया गार्ड ऑफ  ऑनर
शुक्रवार को स्थानीय श्मशानघाट सलोनी नाला में नायब सूबेदार तिलक जम्वाल का अंतिम संस्कार कर दिया गया। भारतीय सेना की आई 8 सदस्य टुकड़ी ने जांबाज सैनिक को गार्ड ऑफ  ऑनर दिया। बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने भी सैनिक के अंतिम संस्कार में पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।