विंटर कार्निवाल : मनाली के मालरोड पर 1000 से अधिक महिलाओं ने पारम्परिक परिधान में डाली ''महानाटी''

Tuesday, Jan 03, 2023 - 05:44 PM (IST)

मनाली (सोनू): राष्ट्रीय विंटर कार्निवाल के दूसरे दिन आयोजित महानाटी ने जश्न का मजा दोगुना कर दिया। मनाली के मालरोड पर लैफ्ट बैंक के लगभग 80 महिला मंडलों की एक हजार से अधिक महिलाओं ने एक साथ नाटी डाली। महिलाओं ने महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए नाटी के दौरान पारम्परिक पट्टू, धाठू, गले में चांदी का चंद्रहार, सोने का पातकू, गोखडू, बाजूबंद, पाजेब पहन रखी थीं, जो आकर्षण का केंद्र रही। यह महानाटी विंटर कार्निवाल का आकर्षण है। राइट बैंक और लैफ्ट बैंक ग्रुप में मुकाबला चल रहा है। जीतने वाले ग्रुप की महिलाओं को एक लाख व दूसरे स्थान पर रहने वाली महिलाओं को 50 हजार नकद राशि दी जाएगी। महिलाओं की नाटी ने सबका मन मोह लिया। वाद्ययंत्रों की थाप पर महिलाओं द्वारा डाली नाटी देखने के लिए लोगों और पर्यटकों की भीड़ उमड़ी। पर्यटकों ने भी इन लम्हों को मोबाइल और कैमरों में कैद किया।

महिलाओं की संख्या के आगे छोटा पड़ गया मालरोड
महिला सशक्तिकरण के लिए मनाली के मालरोड में डाली गई महानाटी के दौरान अव्यवस्था का भी आलम देखने को मिला। महिलाओं की संख्या के आगे मालरोड छोटा पड़ गया। भारी भीड़ के कारण महिलाएं सही ढंग से अपनी प्रस्तुति नहीं दे पाईं। महानाटी उपसमिति के प्रभारी बालक राम ठाकुर ने कहा कि आज लैफ्ट बैंक की महिलाओं ने अपनी प्रस्तुति दी जबकि 5 जनवरी को राइट बैंक की महिलाएं प्रस्तुति देंगी। कार्निवाल कमेटी के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम मनाली डाॅ. सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि कार्निवाल के सफल आयोजन को हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay