महाबली खली फिर उतरेंगे रिंग में, मंडी में दिखाएंगे दम

Saturday, May 19, 2018 - 01:54 PM (IST)

मंडी(नीरज):हिमाचल प्रदेश के लोगों को रेसलिंग के जिस शो का बेसब्री से इंतजार है उसकी तारीख लगभग तय कर ली गई है। रेसलिंग का पहला शो मंडी जिला के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में जून महीने के अंत में करवाया जाएगा। इसकी जानकारी खुद दीलिप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली ने मंडी में पत्रकारों को दी। इससे पहले उन्होंने पड्डल मैदान का जायजा लिया और इसे शो के लिए फाइनल किया। उन्होंने बताया कि शो की सही तारीख जल्द ही तय कर की जाएगी। लेकिन यह तय कर लिया गया है कि शो जून महीने के अंत में हर हाल में करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शो में यूएसए और साउथ अफ्रीका के कई नामी रेसलर भाग लेंगे। साथ ही द ग्रेट खली भी खुद रिंग में उतरकर अपनी ताकत को दिखाएंगे। उनकी अकादमी के पहलवान भी इसमें अपना दमखम दिखाएंगे।

किसी प्रकार के सहयोग की सरकार से डिमांड नहीं करेंगे
यह शो शाम को 5 बजे के बाद शुरू होगा और करीब 5 घंटों तक चलेगा। उन्होंने बताया कि जो शो मंडी में होगा वैसा शो अभी तक पूरे भारत में कहीं नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि हिमाचल उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि है इसलिए वो यहां पर इस प्रकार के शो करवाने की दिशा में प्रयास कर रहे हैं। क्योंकि हर व्यक्ति विदेश जाकर ऐसे शो नहीं देख सकता इसलिए यहां पर भी यह शो करवाने का प्रयास किया जा रहा है। खली ने बताया कि शो पूरी तरह से वैसा ही होगा जैसा टीवी में दिखाई देता है। इसके लिए पड्डल मैदान को पूरे उसी रूप में सजाया जाएगा और वैसा ही माहौल तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसका सारा खर्च वह खुद उठाएंगे और सरकार व प्रशासन अपनी इच्छा से इसमें सहयोग कर सकते हैं। वह किसी प्रकार के सहयोग की सरकार से डिमांड नहीं करेंगे।

ब्रांड एम्बेसेडर बनाने पर राज्य सरकार का आभार भी जताया
उन्होंने कहा कि शो के लिए टिकट होगी और फ्री में इसे नहीं दिखाया जाएगा, लेकिन टिकट का दाम तय किया जाएगा ताकि लोग आसानी से इसे खरीद सकें और शो देख सकें। एक सवाल के जबाव में खली ने बताया कि अभी मंडी में अकादमी खोलने का उनका कोई विचार नहीं है। वह पहले यहां पर शो करवाना चाहते हैं और उसके बाद भविष्य में इस बारे में सोचा जाएगा। वहीं खली ने उन्हें हिमाचल प्रदेश का ब्रांड एम्बेसेडर बनाने पर राज्य सरकार का आभार भी जताया। उन्होंने प्रदेश के लोगों से हिमाचल को प्लास्टिक मुक्त राज्य बनाने का आहवान भी किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का कचरा प्रदूषण के लिए घातक है और हम सभी को मिलकर इसके इस्तेमाल का बहिष्कार करना चाहिए। साथ ही उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील भी की।

kirti