फेसबुक पर गुपचुप शादी की फोटो डाल प्रेमी जोड़े ने निगला था जहर

Sunday, Aug 26, 2018 - 09:31 PM (IST)

बैजनाथ: पपरोला के साथ लगते गांव में प्रेमी युगल द्वारा जहर खाने के मामले में दोनों का इलाज टांडा में चल रहा है, जिसमें लड़का खतरे से बाहर बताया जा रहा है लेकिन लड़की आई.सी.यू. में है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को पपरोला के साथ लगते गांव के प्रेमी युगल ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी। दोनों अचेत हालत में बैजनाथ के पास नाले में गिरे थे, जिन्हें कुछ लोगों ने आयुर्वेद अस्पताल पपरोला में पहुंचाया था जहां से उन्हें टांडा रैफर किया गया था। वहां पर उन दोनों का उपचार चल रहा है।

लड़का 19 तो लड़की की उम्र है 18 साल
लड़के की आयु 19 साल जबकि लड़की की आयु अभी 18 साल है। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से प्यार परवान चढ़ रहा था और शादी करना चाहते थे लेकिन कोशिश सिरे चढ़ती न देख कर दोनों ने मरने का फैसला कर लिया। बताया जा रहा है कि जहर खाने से पहले उन दोनों ने गुपचुप शादी भी कर ली थी तथा अपने फेसबुक अकाऊंट में जहर खाने से पहले शादी की फ ोटो डाली है और मौत को गले लगाने की बात कही थी।

नेपाली समुदाय के हैं लड़का-लड़की
दोनों के परिवार नेपाली समुदाय के हैं और लड़की एक बार पहले भी जहर खा चुकी है लेकिन बच गई। वहीं पुलिस आज भी इनके परिजनों के बयान नहीं ले पाई है। उधर डी.एस.पी. प्रताप ठाकुर ने बताया कि पुलिस अभी परिजनों का बयान लेगी जबकि उन दोनों का टांडा में इलाज चल रहा है, जिसमें लड़का खतरे से बाहर बताया जा रहा है तो लड़की आई.सी.यू. में है।

Vijay