बादल फटने से NH मंडल चम्बा को हुआ 3.43 करोड़ का नुक्सान

Thursday, Jun 13, 2019 - 09:46 PM (IST)

चम्बा (विनोद): बरसात ने अभी तक दस्तक नहीं दी है लेकिन जिला चम्बा के लोग बारिश के कारण जहां एक ओर परेशानी उठाने के लिए मजबूर होते नजर आने लगे हैं तो दूसरी तरफ सड़कों को फिर से नुक्सान पहुंचने का दौर शुरू होता दिखने लगा है। बुधवार की शाम को जांघी व गागला पंचायतों में बादल फटने के कारण जो स्थिति पैदा हुई, उस वजह से एन.एच. मंडल चम्बा को 3 करोड़ 43 लाख रुपए के नुक्सान का आकलन किया गया है। लोक निर्माण मंडल चम्बा को भी करीब 5 लाख रुपए का नुक्सान होने की बात कही जा रही है।

बंद पड़ी सड़कों को आवाजाही के लिए खोला

वीरवार को एन.एच. व लोक निर्माण विभाग ने बादल फटने की वजह से बंद पड़ी सड़कों को फिर से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया, साथ ही सदर विधायक पवन नैय्यर ने जांघी पंचायत का दौरा करके प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत की तथा विकास खंड अधिकारी मैहला को भविष्य में स्थानीय लोगों को इस प्रकार की स्थिति का सामना न करना पड़े इसके लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाने को कहा। विधायक पवन नैय्यर ने खंड विकास अधिकारी को पंचायत के क्षतिग्रस्त हुए पैदल रास्तों में जल्द सुधार लाने के भी निर्देश दिए।

बारिश से होने वाले नुक्सान को रोकने के लिए दूरगामी योजना बनाएं : भाटिया

डी.सी. चम्बा विवेक भाटिया ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश के कारण जिला में राष्ट्रीय उच्च मार्ग को लगभग 343 लाख रुपए के नुक्सान का आकलन किया गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग को सामान्य बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने समयबद्ध कदम उठाए और यातायात सुचारू बनाए बनाने के लिए दक्षता के साथ कार्य सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने बताया कि राजस्व अधिकारियों ने जांघी पंचायत व अन्य स्थानों में बारिश के कारण हुए नुक्सान का घटनास्थल पर जाकर जायजा लिया और यहां बहाली कार्य शीघ्रता से करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने प्रभावित स्थानों में बारिश के कारण होने वाले नुक्सान को रोकने के लिए दूरगामी योजना बनाने के निर्देश दिए हैं।

Vijay