भस्मासुर से बचने के लिए भगवान शिव ने यहां ली थी शरण, पापी इंसान नहीं कर सकता प्रवेश

Friday, Feb 24, 2017 - 06:30 PM (IST)

रामपुर बुशहर (विशेषर नेगी): शिवरात्रि के पर्व पर हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला की निरमंड तहसील मुख्यालय के समीप देवढांक में श्रदालुओं का तांता लगता है। मान्यता है कि यहां शिवरात्रि के दिन आने वाले लोगों की मनोकामना पूर्ण होती है। यह भी धरणा है कि मिट्टी और चट्टानों से बनी इस प्राकृतिक गुफा में वही व्यक्ति प्रवेश कर सकता है जिसने पाप न किया हो यानि पापी इस गुफा में फंस जाता है और शिव के दर्शन नहीं कर पाता। बताया जाता है कि सतलुज घाटी क्षेत्र के बायल गांव की पहाड़ी पर स्थित इस देवढांक नामक शिव गुफा में भगवान शिव भस्मासुर से बचने के लिए छिपे थे और इसी गुफा से शिव श्रीखंड कैलाश पहुंचे थे। 

शिव से मिले वरदान को शिव पर ही आजमाना चाहता था भस्मासुर
बताया जाता है कि शिव ने जो कंगन भस्मासुर को खुश हो कर वरदान स्वरूप दिया था, उस कंगन को किसी के भी सिर के ऊपर घुमा दें तो वह भस्म हो सकता था। भस्मासुर ने अहंकार के कारण यह प्रयोग शिव पर ही करने का प्रयास किया। शिव ने बचते-बचाते देवढांक नामक स्थान में बनी गुफा में शरण ली और उसके बाद श्रीखंड कैलाश इसी गुफा मार्ग से पहुंचे। इसी कारण देवढांक गुफा की पहचान और महत्व आज भी कम नहीं हुआ है। हजारों की संख्या में लोग शिवरात्रि के दिन सुबह से शाम तक दर्शन के लिए कतारों में खड़े रहते हैं। 

सभी मनोकामनाएं होती हैं पूरी
मंदिर प्रमुख टेक सिंह भंडारी ने बताया कि शिवरात्रि पर्व पर लोगों का यहां तांता लग जाता है।  इस दिन गुफा में दर्शन के लिए आने पर लोगों की मन्नतें पूरी होती हंै। इस गुफा में शिव भस्मासुर से बचने लिए छिपे थे और यहीं से श्रीखंड कैलाश पहुंचे थे। केदार सिंह बताया यहां हजारों लोग आते हंै। हिमाचल ही नहीं बल्कि बाहर से भी लोग यहां आते हैं। शिवरात्रि के दिन यहां दर्शन करने वालों की सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। 

धर्मी चाहे जितना भी मोटा आसानी से करता है दर्शन
पुजारी मदन शास्त्री ने बताया कि शिवरात्रि के दिन यहां लोगों का तांता लगता है। गुफा मन्दिर प्रवेश और बाहर निकलने के लिए विशेष मिट्टी और चट्टानों का प्राकृतिक छेद है जहां से लोग अंदर-बाहर जा सकते हैं  लेकिन मान्यता है कि इस गुफा में पापी प्रवेश नहीं कर पाता जबकि धर्मी चाहे जितना भी मोटा हो सुगमता से गुफा में दर्शन कर निकल जाता है।