CM और अपनी तस्वीरों की तरफ भी झांके भाजपा प्रदेशाध्यक्ष : रायजादा

Thursday, Aug 22, 2019 - 05:02 PM (IST)

ऊना (विशाल): ऊना सदर के कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा ने कहा है कि यदि तस्वीरों से किसी के संबंध सार्वजनिक होते हैं तो भाजपा प्रदेशाध्यक्ष यह भी जान लें कि हाल ही में वायरल हुए अश्लील विडियो में दिख रही भाजपा नेत्री की मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से लेकर भाजपा के कई नेताओं के साथ भी तस्वीरें हैं। जिस तोले वाले चिट्टे के आरोपी की बात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष कर रहे हैं उसी आरोपी के साथ सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ भी तस्वीरें हैं। तो क्या भाजपा के नेताओं के भी माफिया से संबंध हैं? प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को इस पर भी स्पष्टीकरण देकर स्थिति साफ करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि राजनेताओं के साथ काफी लोग तस्वीरें खिंचवाते हैं और कई लोग सार्वजनिक कार्यक्रमों में पहुंचते हैं लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि नेता भी गलत कामों में संलिप्त हो। चाहे वह नेता कांग्रेस के हों या भाजपा के। रायजादा ने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांककर देखें। ऊना शहर के हाल ही में पुलिस द्वारा पकड़े शराब के अवैध कारोबारी के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी दिनों से वायरल हो रही हैं। वहीं एक सफेद रेत के काले कारोबार में संलिप्त भाजपा कार्यकत्र्ता के साथ सत्ती की तस्वीरें भी वायरल हैं। इसी कारोबारी की एक वायरल रिकॉर्डिंग में रेत से भरी गाड़ियों को बेरोकटोक हिमाचल पार करवाने की जिम्मेदारी भाजपा कार्यकर्ता ले रहा है वह किसकी शह पर है?

रायजादा ने कहा कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बताएं कि इन दोनों से उनके क्या संबंध हैं? उन्होंने कहा कि सत्ती शौंक से तस्वीरों की प्रदर्शनी लगाएं और कांग्रेस भी भाजपा नेताओंं के साथ विभिन्न मामलों के आरोपियों के साथ वाली तस्वीरों की प्रदर्शनी बिल्कुल भाजपा की प्रदशनी के साथ लगाएगी। रायजादा ने कहा कि वह माफिया के खिलाफ हमेशा से आवाज बुलंद करते रहें हैं और आगे भी करते रहेंगे। माफिया को लेकर कोई राजनीति नहीं की जाती है लेकिन भाजपाई स्वयं माफिया के संरक्षक हैं व इस पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेक रहें हैं।

Edited By

Simpy Khanna