जनजातियों क्षेत्रों में दिया जाए ‘जनजातीय पर्यटन’ के विकास को बढ़ावा : किशन कपूर

Friday, Feb 12, 2021 - 06:44 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): कांगड़ा-चम्बा क्षेत्र से वर्तमान लोकसभा सदस्य किशन कपूर ने देश के जनजातीय क्षेत्रों के समग्र एवं समन्वित विकास की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों की सबसे बड़ी समस्या रोजगार के सीमित अवसरों की है, जिसके कारण स्थानीय लोग इन क्षेत्रों से पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में स्थानीय उत्पादों पर आधारित उद्योग भी प्राथमिकता के आधार पर स्थापित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में स्थानीय जलवायु के अनुकूल बागवानी को भी बढ़ावा देकर इस क्षेत्र में पलायन को रोक जा सकता है। जनजातियों क्षेत्रों में ‘जनजातीय पर्यटन’ के विकास को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

हिमाचल के जनजातीय क्षेत्रों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र सांस्कृतिक रूप से इतने अधिक समृद्ध हैं कि देश-विदेश के पर्यटक इस ओर बरबस ही आकर्षित होते हैं। अत: जनजातीय पर्यटन एक महत्वपूर्ण विकल्प हो सकता है। सांसद किशन कपूर ने यह विचार गत दिवस भारतीय जनता पार्टी के जनजातीय सदस्यों एक बैठक में व्यक्त किए।

Content Writer

Vijay