प्रज्ञा के बयान पर शांता कुमार ने कही बड़ी बात, परिवार सहित किया मतदान

Sunday, May 19, 2019 - 04:43 PM (IST)

पालमपुर (मुनीष दीक्षित) : भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं निवर्तमान सांसद शांता कुमार ने साध्वी प्रज्ञा द्वारा नत्थू राम गोडसे पर दिए गए बयान को एक बड़ी गलती बताया है। पालमपुर में मतदान करने के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ऐसा बयान देकर प्रज्ञा ने बहुत गलती की है। यह हिंदुत्व नहीं, यह भाजपा नहीं, यह आरएसएस नहीं है, जो उन्होंने कहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने कहा कि ऐसा बयान देकर देश व हिंदुत्व तथा हमें बहुत अधिक नुकसान पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने इस पर सही कहा है कि मैं मन से प्रज्ञा को कभी क्षमा नहीं कर पाउंगा। वहीं पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने भी कहा कि 10 दिन में कार्रवाई होगी। पार्टी को ऐसी बात स्वीकार नहीं करनी चाहिए। ऐसी काली छाया को किसी प्रकार से स्वीकार नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र का महापर्व है, दीवाली से भी अधिक महत्वपूर्ण और इस महापर्व पर शहीदों की शहादत की अमानत वोट का प्रयोग मैंने किया। उन्होंने कहा कि आज के बाद मैं सांसद नहीं रहूंगा। उन्होंने कहा कि स्वयं अपने लिए चुनाव लड़ने में आनंद आता है, लेकिन इस बार चुनाव लड़ाने में बहुत अधिक आनंद आया। इससे पहले शांता कुमार ने अपने परिवार सहित आईमा के सुग्गर पोलिंग स्टेशन में मतदान किया।

kirti