रजनी पाटिल ने टटोली कार्यकर्ताओं की नब्ज, लोकसभा की चारों सीटें कांग्रेस की झोली में जाएंगी

Tuesday, Nov 20, 2018 - 03:20 PM (IST)

ऊना (अमित): आगामी लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने भी चुनावी शंखनाद कर दिया है। हिमाचल प्रदेश की चारों सीटों पर कब्जा करने की मंशा दिल में लिए कांग्रेस ने प्रदेश के सभी संसदीय क्षेत्रों में कार्यकर्ता अधिवेशन शुरू किए हैं। इसी कड़ी के तहत ऊना में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का कार्यकर्ता अधिवेशन हुआ। जिसमें कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने विशेष रूप से शिरकत कर कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली। इस दौरान नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस अध्यक्ष सुक्खू के अलावा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेसी विधायक और दिग्गज नेताओं के अलावा जिला ऊना ब्लॉक के पदाधिकारी उपस्थित रहे। 


लोकसभा चुनावों में प्रदेश की चारों सीटें कांग्रेस की झोली में
पार्टी कार्यकर्ताओं की नब्ज़ टटोलने आई रजनी पाटिल ने आगामी लोकसभा चुनावों में प्रदेश की चारों सीटें कांग्रेस की झोली में जाने का दावा किया है। पार्टी उम्मीदवार तय करने से पहले कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के मन को भांपना चाहती है, इसी कड़ी में यह कार्यकर्ता सम्म्मेलन आयोजित किया गया है। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने दावा किया कि हमीरपुर से बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर को हराने के लिए कांग्रेस विचारधारा ही काफी है और इस सीट से किसी दिग्गज नेता की जरूरत नहीं है। हालांकि इसके लिए बाहरी व्यक्ति को टिकट देने की सम्भावना से भी उन्होंने इंकार नहीं किया। 


सुखविंदर सुक्खू का पारा सातवें आसमान पर पहुंचा
इस दौरान बिलासपुर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को लोकसभा टिकट दिए जाने को लेकर उनके समर्थन ने जमकर नारेबाजी भी की, कार्यकर्ता उनके समर्थन में नारेबाजी करते हुए सम्मलेन कक्ष में जा पहुंचे। जिसके बाद पार्टी के प्रदेश सुखविंदर सुक्खू का पारा सातवें आसमान पर जा पहुंचा और उन्होंने नारेबाजी कर रहे कार्यकर्ताओं को जमकर फटकार लगाईं। सुक्खू ने उन्हें ना केवल मर्यादा में रहने का निर्देश दिया बल्कि यहां तक भी कह डाला कि ऐसे प्रदर्शनों और अधिवेशनों में पार्टी टिकट नहीं दिए जाते। 

Ekta