लोहड़ी पर फिर गिरेगी आसमान से 'आफत', रहें तैयार

Tuesday, Jan 10, 2017 - 11:52 AM (IST)

शिमला: हिमाचल में लोहड़ी पर्व पर पुन: बर्फबारी होने के आसार बन रहे हैं। बीते दिनों हुई बर्फबारी के बाद प्रदेशभर में शीतलहर का प्रकोप जारी है। तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है। प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में आज चौथे दिन भी सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त है, लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। जनजातीय व जिला शिमला के कुछेक क्षेत्र अभी भी पूरे प्रदेश से कटे हुए हैं। समूचा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। बीते 24 घंटों में रोहतांग दर्रा में 8 इंच व मनाली में 4 इंच के करीब ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। सोमवार को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा। राजधानी शिमला व इसके आसपास के क्षेत्रों में सुबह अच्छी धूप खिली लेकिन दोपहर 1 बजे के बाद आसमान में बादल छा गए जिससे ठंडी हवाएं चली। अब सुबह-शाम कोहरा भी जमने लगा है।


कुछ दिनों तक शुष्क बना रहेगा मौसम
भारी ठंड के चलते लोग दिनभर आग सेंकते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेशभर में मौसम कुछ दिनों तक शुष्क बना रहेगा, वहीं 12 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 13 जनवरी यानी लोहड़ी वाले दिन होगा। इस दौरान हल्का हिमपात होने की संभावना बनी हुई है। सोमवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 7.8, सुंदरनगर 14.3, भुंतर 14.8, कल्पा 5.2, धर्मशाला 13.4, ऊना 20.4 तथा नाहन 14.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। उधर मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि कुछ दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा, इस दौरान कई स्थानों पर बादल भी छाए रहेंगे। उन्होंने बताया कि 12 जनवरी की शाम को पुन: पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना बनी हुई है। इसका असर 13 जनवरी को दिख सकता है।