लिव इन रिलेशनशिप को लेकर 2 गुटों में खूनी संघर्ष, चाकू के वार से एक घायल

Sunday, Jul 14, 2019 - 10:15 PM (IST)

स्वारघाट: स्वारघाट के साथ लगते सोलन जिला के नालागढ़ उपमंडल की ग्राम पंचायत लूनस के गांव रजवाहण में रविवार शाम एक महिला को लेकर 2 गुटों में शुरू हुए विवाद ने बाद में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार नालागढ़ के साथ लगते एक गांव के युवक के साथ एक महिला लिव इन रिलेशनशिप के तौर पर रह रही थी। कुछ समय बाद महिला का रजवाहण गांव के युवक के साथ प्रेम प्रसंग शुरू हो गया और महिला पहले वाले युवक को छोड़कर रजवाहण गांव के युवक के साथ उसके घर रहने लगी। इस बात को लेकर दोनों गुटों में पहले से ही विवाद चल रहा था।

युवक की टांग पर लगा चाकू

रविवार शाम पहले वाला युवक अपने 6 साथियों संग किराए की गाड़ी में गांव रजवाहण पहुंचा और दोनों पक्षों में रजवाहण गांव के समीप कहासुनी होने लगी। बात बढऩे पर नालागढ़ से अपने साथियों संग आए युवक ने चाकू से रजवाहण के युवक पर वार करना चाहा लेकिन उसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे रंडाला गांव के युवक विजय पाल पुत्र निक्कू राम की टांग पर यह चाकू लगा, जिससे उसकी टांग पर गहरा जख्म हो गया। घायल विजय पाल को प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्वारघाट लाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

गांववासियों ने पीटे आरोपी, पुलिस को सौंपा

मामले का पता चलते ही एकत्रित हुए गांववासियों द्वारा आरोपियों की धुनाई करने के बाद उन्हें रामशहर पुलिस को सौंप दिया गया। इस दौरान एक आरोपी भागने में कामयाब हो गया। सूचना मिलने के बाद थाना रामशहर के ए.एस.आई. योगराज ठाकुर मौके पर पहुंचे और घायलों के बयान कलमबद्ध करने के साथ ही आरोपियों द्वारा हमले में प्रयोग किए गए दोनों चाकुओं को कब्जे में ले लिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर आगामी कार्रवाई में जुटी हुई थी।

Vijay