बर्फ से सराबोर हुईं कुल्लू-मनाली की वादियां, रोहतांग में आधा फुट ताजा हिमपात

Thursday, Mar 15, 2018 - 06:03 PM (IST)

मनाली: पर्यटन नगरी मनाली के अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे में एक बार फिर बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है। रोहतांग दर्रे में अब तक एक फुट से अधिक बर्फ जमा हो गई है। जनवरी-फरवरी में बर्फबारी न के बराबर हुई है लेकिन मार्च में बर्फ के फाहे घाटी पर मेहरबान हंै। वीरवार सुबह ही लाहौल व मनाली घाटी बादलों से ढक गई। दोपहर को रोहतांग दर्रे सहित पर्यटन स्थल सोलंगनाला के फातरु व अंजनी महादेव की अंतर्राष्ट्रीय स्की ढलानों में भी बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है। रोहतांग दर्रे में आधा फुट ताजा हिमपात हुआ है जबकि राहनीनाला, मढ़ी, ब्यासनाला, राहलाफाल, गुलाबा और फातरु की वादियों में भी बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है। कोठी व सोलंग में भी रुक-रुक कर बर्फ के फाहे गिरना शुरू हो गए हैं। रोहतांग सहित धुंधी जोत, मकरवेद व शिकरवेद की पहाडियों, भृगु व दशौहर, मनालसू, जोत, हनुमान टिब्बा, हामटा व इंद्र किला में भारी बर्फबारी हो रही है। 

केलांग में 3 इंच बर्फबारी 
कुल्लू की समस्त ऊंची चोटियों सहित पर्यटक स्थल नग्गर, जाणा, मलाणा व फोजल की पहाडियों में भी बर्फबारी हो रही है। दर्रे के उस पार लाहौल के जिला मुख्यालय केलांग में 3 इंच बर्फबारी हुई है। घाटी में बर्फबारी का क्रम शुरू होने से केलांग-दारचा, केलांग-कोकसर और केलांग-उदयपुर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। लाहौल के कोकसर, गुफा होटल, सिसू, गोंधला, दारचा, नैनगार, मयाड़ घाटी में बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। लाहौल व मनाली की वादियों में एक बार फिर बर्फ के फाहों का दौर शुरू  हो गया है।  

बर्फ के फाहे गिरते देख झूम उठे सैलानी
दूसरी ओर वीरवार शाम को सोलंग और अंजनी महादेव गए सैलानी दोपहर बाद बर्फ के फाहे गिरते देखकर झूम उठे। सोलंग के फातरु सहित अंजनी महादेव में बर्फ के फाहे गिरते देख पर्यटक खासे उत्साहित हुए। सैलानियों ने सोलंग, कोठी और पलचान की वादियों में आसमान से गिर रहे बर्फ के फाहों को कैमरे में कैद किया।